Patna : पटना में सार्वजनिक स्थानों पर बैनर और पोस्टर लगाने वालों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने शहर की सुंदरता खराब करने वाले व्यक्तियों, संस्थाओं और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। नगर आयुक्त ने बताया कि कुछ कोचिंग संस्थान, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और अन्य संगठन दीवारों, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर बैनर-पोस्टर लगाकर शहर की सूरत बिगाड़ रहे हैं।
प्रमुख इलाकों में ज्यादा बैनर-पोस्टर
पटना नगर निगम के अनुसार, बोरिंग रोड, पटना जंक्शन, डाकबंगला चौराहा सहित शहर के कई प्रमुख इलाकों में डिवाइडर और सार्वजनिक स्थानों पर सबसे ज्यादा बैनर और पोस्टर लगाए जा रहे हैं। इसे लेकर सभी अंचलों के कार्यपालक पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है।
जुर्माने के साथ होगी कानूनी कार्रवाई
निर्देशों के तहत यदि कोई व्यक्ति, संस्था या व्यावसायिक प्रतिष्ठान सार्वजनिक स्थानों पर बैनर या पोस्टर लगाते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ बिहार नगरपालिका अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी और जुर्माना भी लगाया जाएगा।
नागरिकों से सहयोग की अपील
पटना नगर निगम ने आम नागरिकों से शहर की सुंदरता बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। यदि कहीं भी सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से बैनर या पोस्टर लगाए जाने की जानकारी मिले, तो नागरिक नगर निगम के टोल-फ्री नंबर 155304 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
शहर को सुंदर बनाने की पहल
पटना नगर निगम की ओर से शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत जन-जागरूकता अभियान के साथ-साथ दीवारों को सजाने के लिए सांस्कृतिक पहल भी की जा रही है। मधुबनी पेंटिंग और अन्य वॉल पेंटिंग्स के जरिए पटना की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को नई पहचान दी जा रही है।
Also Read : झारखंड में नगर निकाय चुनाव की प्रक्रिया शुरू, आज से नामांकन


