रांची: फरियादियों को FIR दर्ज कराने के लिए थाना-थाना नहीं भटकना पड़ेगा और लंबित कांडों को अनावश्यक रूप से लटकाने की छूट नहीं होगी. अपराध नियंत्रण को लेकर रविवार को रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक में लंबित कांडों के अनुसंधान, अपराधियों की निगरानी, रात्रि गश्ती और यातायात व्यवस्था को लेकर कई निर्देश दिए गए.
60-90 दिन में अनुसंधान पूरा करने का निर्देश
SSP ने संबंधित मामलों में 60 से 90 दिनों के भीतर अनुसंधान पूरा कर चार्जशीट दाखिल करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा. अनुसंधान में अनावश्यक विलंब होने पर जिम्मेदारी तय करने का भी निर्देश दिया गया. थाना प्रभारियों को कांडों की Reporting और Disposal पर विशेष ध्यान देने तथा अनुसंधान पूरा होने के बाद विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया.
भूमि विवाद, गुमशुदगी, IT Act, चोरी और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों के लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया गया. POCSO मामलों में भी अनुसंधान में तेजी लाने और पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया.
जेल से छूटे अपराधी रडार पर
अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए जेल से बाहर आए अपराधियों और असामाजिक तत्वों का सत्यापन करने का निर्देश दिया गया. विशेष रूप से NDPS और अन्य गंभीर अपराधों में संलिप्त रहे ऐसे आरोपियों को चिन्हित करने को कहा गया, जिनके खिलाफ दो या उससे अधिक कांड दर्ज हैं. ऐसे अपराधियों के खिलाफ Surveillance Proceeding के तहत निगरानी प्रस्ताव तैयार कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.
चेन स्नैचिंग, अवैध हथियार, NDPS, चोरी, गृहभेदन और अन्य संगठित अपराधों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया.
रात की गश्ती पर थाना प्रभारी खुद रखेंगे नजर
रात्रिकालीन गश्ती को और प्रभावी बनाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को रात में स्वयं क्षेत्र भ्रमण और पेट्रोलिंग की निगरानी करने का निर्देश दिया गया. पेट्रोलिंग पार्टियों को QR Code आधारित पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने और निर्धारित पेट्रोलिंग प्वाइंट पर QR Code स्कैन करने को कहा गया.
प्रमुख चौक-चौराहों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील मार्गों पर यातायात पुलिस की प्रभावी मौजूदगी सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया. DSP को अपने-अपने क्षेत्रों में रूटीन पेट्रोलिंग, रात्रिकालीन गश्ती और थाना स्तर की पुलिसिंग की नियमित निगरानी करने को कहा गया.
मालखाना और न्यायालय से जुड़े मामलों का भी होगा निपटारा
मालखाना में लंबित जब्त सामान और वाहनों की समीक्षा कर ऐसे मामलों को चिन्हित करने का निर्देश दिया गया, जिनका अनुसंधान या न्यायालयीय निष्पादन पूरा हो चुका है. ऐसे मामलों में न्यायालय से आवश्यक आदेश प्राप्त कर जब्त वाहनों और अन्य सामग्रियों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन कराया जाएगा.
इसके अलावा CEIR Portal में दर्ज Lost Mobile मामलों की नियमित समीक्षा, बरामद मोबाइल के सत्यापन के बाद संबंधित लोगों को वापस करने और अनुसंधान में E-Sakshya के प्रभावी इस्तेमाल पर भी जोर दिया गया. लंबित वारंट, कुर्की-जब्ती, जमानत और अन्य न्यायालयीय प्रक्रियाओं के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया गया.
SSP ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि अपराध नियंत्रण, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान, कांडों का समयबद्ध निष्पादन, विधि-व्यवस्था और आम जनता की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान और पीड़ितों के प्रति संवेदनशील व्यवहार के साथ अपराधियों के खिलाफ प्रभावी एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा.
Also Read : सीजीएल केस में अभय से साइबर थाने में पूछताछ जारी, खुलेंगी कई परतें
No comments yet. Be the first to comment!