देवघर. राजकीय श्रावणी मेला 2026 की चौथी और अंतिम सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. कांवरियों की सुरक्षा, सुगम जलार्पण और कतार प्रबंधन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा. बाबा मंदिर स्थित मुख्य कंट्रोल रूम से पूरे मेला क्षेत्र की लाइव मॉनिटरिंग की गई.
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने सोमवार को बाबा मंदिर स्थित मुख्य कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान दोनों अधिकारियों ने कंट्रोल रूम में लगे आधुनिक CCTV कैमरों और वीडियो वॉल के माध्यम से मेला क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और रूट लाइनिंग की स्थिति देखी.
क्यू मॉनिटरिंग से कतार पर नजर
उपायुक्त ने रूट लाइनिंग के विभिन्न कतार बिंदुओं के साथ मंदिर परिसर के अंदर और बाहर की स्थिति का जायजा लिया. क्यू मॉनिटरिंग सिस्टम के जरिए यह देखा गया कि श्रद्धालुओं की कतार लगातार आगे बढ़ती रहे और किसी भी स्थान पर अनावश्यक भीड़ जमा न हो.
उन्होंने IMCR और मंदिर कंट्रोल रूम में तैनात अधिकारियों तथा तकनीकी टीम को मेला क्षेत्र के सभी संवेदनशील स्थानों पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने कहा कि कहीं कतार की गति धीमी होती है या भीड़ बढ़ती है तो इसकी सूचना तत्काल ऑन-ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पुलिस बल को दी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
अंतिम सोमवारी पर सुलभ जलार्पण पर फोकस
प्रशासन का फोकस चौथी और अंतिम सोमवारी पर कांवरियों को सुरक्षित और सुगम जलार्पण कराने के साथ भीड़ को नियंत्रित रखने पर रहा. कंट्रोल रूम में CCTV और वीडियो वॉल के माध्यम से मेला क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी गई.
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा और अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार भी मौजूद थे.
Also Read : रांची SSP का फरमान: फरियादी न भटके, अपराधी न बचें; 60-90 दिन में केस निपटाएं


