Muzaffarpur : मुजफ्फरपुर जिले में SSP कांतेस कुमार मिश्रा ने कर्तव्य में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर कड़ा रुख अपनाया है। देर रात की गई कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। एक तरफ मिठनपुरा थानेदार पर निलंबन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, तो वहीं मनियारी थाने के सब-इंस्पेक्टर (SI) कन्हैया कुमार को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।
देर रात औचक निरीक्षण, थानेदार गायब मिले
मंगलवार देर रात SSP कांतेस कुमार मिश्रा अचानक मिठनपुरा थाने पहुंच गए। वे खुद रात्रि गश्ती की स्थिति देखने निकले थे। लेकिन निरीक्षण के दौरान जो तस्वीर सामने आई, वह चौंकाने वाली थी। थानेदार न तो थाने में मौजूद थे और न ही क्षेत्र में गश्त पर थे। यानी जिम्मेदारी के समय वे ड्यूटी से नदारद पाए गए। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए SSP ने उनके खिलाफ निलंबन की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दे दिया है। साथ ही उनसे स्पष्टीकरण भी तलब किया गया है।
मनियारी के SI कन्हैया कुमार सस्पेंड
इधर मनियारी थाने में तैनात पुलिस अवर निरीक्षक (SI) कन्हैया कुमार पर भी गाज गिरी है। विभागीय समीक्षा में यह बात सामने आई कि वे केसों के अनुसंधान में काफी ढिलाई बरत रहे थे। कई मामलों की जांच समय पर पूरी नहीं की गई थी। इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए SSP ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार सिर्फ जीवन-यापन भत्ता ही मिलेगा।
सभी थाना प्रभारियों को कड़ी चेतावनी
इस कार्रवाई के बाद SSP ने जिले के सभी थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं।
- रात्रि गश्ती में कोई कोताही नहीं : SSP ने साफ कहा है कि रात के समय सड़कों पर पुलिस की मौजूदगी दिखनी चाहिए। गश्ती प्रभावी हो, ताकि अपराधियों में डर और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बना रहे।
- माफियाओं पर जीरो टॉलरेंस : अवैध शराब की तस्करी और खनन माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने को कहा गया है।
- जनता से व्यवहार में शालीनता : SSP ने यह भी हिदायत दी कि आम नागरिकों के साथ पुलिस का व्यवहार शालीन और सम्मानजनक होना चाहिए। थानों में आने वाले लोगों की शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए।
Also Read : लोकसभा में राहुल गांधी का सरकार पर हमला, अमेरिका-भारत ट्रेड डील पर सवाल


