Johar Live Desk : बॉलीवुड अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा के लिए यह समय बेहद मुश्किल भरा है। ‘Ek Villain’ से दर्शकों का दिल जीतने वाले सिद्धार्थ के पिता सुनील मल्होत्रा का निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने लंबी बीमारी के बाद दिल्ली में अंतिम सांस ली। हालांकि, परिवार की ओर से अब तक आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक यह खबर सही है और परिवार शोक में डूबा हुआ है।
लंबी बीमारी से थे परेशान
सुनील मल्होत्रा काफी समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। कहा जा रहा है कि पिछले कुछ सालों से उनकी तबीयत ठीक नहीं रहती थी। सिद्धार्थ अपने पिता के बेहद करीब थे और अक्सर उनके साथ समय बिताते नजर आते थे। पिता के निधन की खबर से मल्होत्रा परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सोशल मीडिया पर फैंस लगातार सिद्धार्थ को हिम्मत रखने की बात कह रहे हैं।
मुंबई से दिल्ली पहुंचे सिद्धार्थ और कियारा
पिता के निधन की खबर मिलते ही सिद्धार्थ अपनी पत्नी और अभिनेत्री किअरा अडवाणी के साथ मुंबई से दिल्ली रवाना हो गए। दोनों ने परिवार के साथ मिलकर अंतिम संस्कार की रस्में पूरी कीं और अंतिम दर्शन किए। इस मुश्किल घड़ी में कियारा पूरे वक्त सिद्धार्थ के साथ नजर आईं।
View this post on Instagram
मर्चेंट नेवी में रहे थे ऑफिसर
सुनील मल्होत्रा मर्चेंट नेवी में ऑफिसर रह चुके थे। उन्होंने अपने बच्चों को सादगी और अनुशासन के संस्कार दिए। सिद्धार्थ की विनम्र छवि और जमीन से जुड़े स्वभाव के पीछे उनके पिता की परवरिश को भी अहम माना जाता है।
शादी में व्हीलचेयर पर आए थे नजर
7 फरवरी 2023 को सिद्धार्थ और कियारा की शादी में सुनील मल्होत्रा व्हीलचेयर पर नजर आए थे। उस वक्त भी उनकी सेहत को लेकर चर्चा हुई थी। इससे अंदाजा लगाया जा रहा था कि वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। अब पिता के निधन से सिद्धार्थ के सिर से उनका साया उठ गया है। फैंस और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोग सोशल मीडिया के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं और परिवार को हिम्मत रखने की दुआ कर रहे हैं।
Also Read : रिम्स में टेंडर को लेकर विवाद तेज, कोर्ट ने मांगा जवाब…जानें

