रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र के सपारोम से अगवा की गई 5 साल की बच्ची को पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया. इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. बच्ची को बिहार के गया जंक्शन के पास एक होटल से छुड़ाया गया.
पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी
पुलिस के मुताबिक, 16 जुलाई को अपहरण की सूचना मिलने के बाद नगड़ी थाना में मामला दर्ज किया गया. एसएसपी के निर्देश पर डीएसपी अजय आर्यन के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई. तकनीकी शाखा की मदद से रांची पुलिस ने गया पुलिस के साथ 30 से अधिक जगहों पर छापेमारी की.
जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी रमेश कुमार मिश्रा पहले बच्ची के घर के पास किराये पर रहता था. उसने बच्ची को बहला-फुसलाकर गया ले गया और परिवार से 3 लाख रुपये की फिरौती मांगी. आरोपियों ने धमकी दी कि पैसे नहीं देने पर बच्ची को जान से मार देंगे. इस दौरान उन्होंने दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों पर ऑनलाइन 5-5 हजार रुपये भी मंगवा लिए.
गया के होटल से सकुशल बरामद हुई बच्ची
लगातार छापेमारी के दौरान पुलिस ने गया जंक्शन के पास एक होटल से बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया. इस मामले में रमेश कुमार मिश्रा, सचिन कुमार और मोनु कुमार को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने उनके पास से घटना में इस्तेमाल किए गए तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं.
पूछताछ में सामने आया कि सचिन और मोनु ने बच्ची को छिपाने और फिरौती की रकम हासिल करने में रमेश का साथ दिया. बरामदगी के बाद बच्ची को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया. पुलिस तीनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
Also Read : ऑपरेशन भरोसा : रामगढ़ पुलिस ने लौटाई 125 लोगों की खोई ‘मुस्कान’

