रांची। झारखंड में B.Ed., M.Ed. और B.P.Ed. पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए अभ्यर्थियों को एक और मौका मिला है. झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) ने शैक्षणिक सत्र 2026-28 के लिए खाली सीटों पर नामांकन को लेकर अंतिम चक्र की ऑनलाइन काउंसिलिंग का कार्यक्रम जारी कर दिया है. इसके तहत 10 नवंबर को सीटों का विवरण जारी होगा, जबकि 11 नवंबर से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और कॉलेजों के विकल्प भरने की प्रक्रिया शुरू होगी.
पर्षद की ओर से जारी सूचना के अनुसार, पहले, दूसरे, तीसरे, चौथे और विशेष चक्र की काउंसिलिंग के बाद संस्थानों में खाली बची सीटों पर नामांकन किया जाएगा. राज्य मेधा सूची में शामिल वे अभ्यर्थी इस प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे, जो पहले के किसी भी काउंसिलिंग चक्र में शामिल नहीं हुए हैं या जिन्हें सीट आवंटित नहीं हुई है. सीट आवंटित होने के बावजूद नामांकन नहीं ले पाने वाले अभ्यर्थियों को भी मौका दिया गया है.
पहले से नामांकित अभ्यर्थी भी बदल सकेंगे संस्थान
पहले के काउंसिलिंग चक्र में नामांकन ले चुके अभ्यर्थी भी संस्थान बदलने के लिए अंतिम चक्र में हिस्सा ले सकते हैं. हालांकि, उन्हें नया संस्थान आवंटित होने पर वहां नामांकन लेना अनिवार्य होगा. ऐसी स्थिति में पुराने संस्थान में उनका नामांकन स्वतः रद्द हो जाएगा.
15 नवंबर तक भर सकेंगे कॉलेजों के विकल्प
अभ्यर्थी 11 से 15 नवंबर तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और च्वाइस फिलिंग कर सकेंगे. प्रोविजनल सीट अलॉटमेंट लेटर 17 नवंबर को जारी किया जाएगा. इसके बाद 18 से 23 नवंबर तक संबंधित संस्थानों में दस्तावेजों का सत्यापन और नामांकन होगा.
अभ्यर्थियों को पर्षद की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध ‘Click here for All Online Counselling-JCECEB 2026’ लिंक के माध्यम से संस्थानों का विकल्प भरना होगा. कॉलेजों के विकल्प चुनने की संख्या पर कोई सीमा नहीं है. पर्षद ने अभ्यर्थियों को अधिक से अधिक संस्थानों का विकल्प भरने की सलाह दी है.
सामान्य वर्ग के लिए 400 और एससी-एसटी के लिए 250 रुपये शुल्क
ऑनलाइन काउंसिलिंग में शामिल होने के लिए सामान्य, EWS, BC-I और BC-II वर्ग के अभ्यर्थियों को 400 रुपये शुल्क देना होगा. वहीं, SC/ST और सभी वर्गों की महिला अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 250 रुपये निर्धारित किया गया है. शुल्क का भुगतान क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग या UPI के माध्यम से किया जा सकेगा. जमा किया गया शुल्क वापस नहीं होगा.
अधिक जानकारी और काउंसिलिंग में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी JCECEB की आधिकारिक वेबसाइट jceceb.jharkhand.gov.in पर जा सकते हैं.
Also Read : झारखंड : सहायक आचार्य परीक्षा के रिजल्ट में JSSC ने किया बदलाव, 67 अभ्यर्थियों का परिणाम रोका, छह का रद्द


