रांची : झारखंड में सहायक आचार्य नियुक्ति परीक्षा को लेकर एक नया अपडेट आया है. झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने कक्षा 6 से 8 के भाषा शिक्षकों के परीक्षा परिणाम में संशोधन किया है. आयोग ने 6 नवंबर को शुद्धिपत्र जारी कर तीन नवंबर को प्रकाशित सूचना में बदलाव किया है. इसके साथ ही 67 अभ्यर्थियों का परिणाम फिलहाल रोक दिया गया है, जबकि छह अभ्यर्थियों का परिणाम रद्द कर दिया गया है.
आयोग के मुताबिक, विज्ञापन संख्या 13/2023 के तहत आयोजित परीक्षा के परिणाम को लेकर यह बदलाव सुप्रीम कोर्ट के 17 सितंबर के आदेश के अनुपालन में किया गया है. इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में अवमानना याचिका भी दायर की गई थी. आयोग ने 3 नवंबर को जारी सूचना संख्या 105 के तीसरे बिंदु में संशोधन किया है. इसके तहत कक्षा 6 से 8 के भाषा शिक्षकों का संशोधित परीक्षा परिणाम जारी करने की बात कही गई है.
67 अभ्यर्थियों का रिजल्ट अटका, छह का रद्द
आयोग ने बताया कि विज्ञापन की कंडिका 5 और 11 में दी गई शर्तों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने के कारण 67 अभ्यर्थियों का परिणाम लंबित रखा गया है. इन अभ्यर्थियों के रजिस्ट्रेशन नंबर भी जारी किए गए हैं.
दूसरी ओर, छह अभ्यर्थियों का परिणाम रद्द कर दिया गया है. आयोग के अनुसार, इन अभ्यर्थियों ने विज्ञापन में तय शर्तें पूरी नहीं की थीं. साथ ही परीक्षा परिणाम जारी होने की तारीख तक उनकी उम्र 60 वर्ष पूरी हो चुकी थी. आयोग ने इन अभ्यर्थियों के रजिस्ट्रेशन नंबर भी शुद्धिपत्र में शामिल किए हैं.
JSSC ने साफ किया है कि 3 नवंबर को जारी सूचना संख्या 105 की बाकी शर्तों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. वे पहले की तरह लागू रहेंगी.
Also Read : झारखंड : सीसीएल के प्रशासनिक ढांचे में फेरबदल, 17 माइनिंग अधिकारियों का तबादला


