रांची। झारखंड के टॉपर्स के लिए 15 नवंबर का दिन बेहद खास होने वाला है. राज्य स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 2026 के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करेंगे. जैक, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड की 10वीं और 12वीं परीक्षा में स्टेट टॉपर रहने वाले विद्यार्थियों को तीन लाख रुपये तक का कैश प्राइज मिलेगा. इतना ही नहीं, पुरस्कार के साथ लैपटॉप, मोबाइल और प्रशस्ति पत्र भी दिये जायेंगे.
इस बार सिर्फ बोर्ड परीक्षा के टॉपर्स ही नहीं, बल्कि जेईई, नीट और क्लैट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मान मिलेगा. शिक्षा विभाग के अनुसार, स्थापना दिवस समारोह में कुल 235 विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जायेगा. झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद ने सभी जिलों के डीईओ को इसकी तैयारी पूरी करने का निर्देश दिया है.
टॉप थ्री को मिलेगा 3, 2 और 1 लाख रुपये
जैक, सीबीएसई और आईसीएसई की 10वीं और 12वीं परीक्षा में स्टेट लेवल पर टॉप थ्री में जगह बनाने वाले विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार दिया जायेगा. पहले स्थान पर आने वाले को तीन लाख, दूसरे स्थान पर रहने वाले को दो लाख और तीसरे स्थान पर रहने वाले को एक लाख रुपये मिलेंगे.
तीनों बोर्ड को मिलाकर कुल 80 विद्यार्थियों को सम्मानित किया जायेगा. खास बात यह है कि इस बार सीबीएसई 12वीं के वोकेशनल संकाय के टॉपर्स को भी पुरस्कार मिलेगा. चयनित विद्यार्थियों को लैपटॉप और मोबाइल भी दिये जायेंगे.
CM स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के टॉपर्स भी लेंगे पुरस्कार
सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के 10वीं और 12वीं के टॉपर्स को भी इस समारोह में सम्मानित किया जायेगा. दोनों कक्षाओं से कुल 12 विद्यार्थियों का चयन किया गया है. इन्हें लैपटॉप और प्रशस्ति पत्र दिया जायेगा.
आकांक्षा कोचिंग के विद्यार्थियों के लिए भी अच्छी खबर है. यहां से तैयारी कर प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करने वाले 50 विद्यार्थियों को सम्मानित करने की तैयारी है. इनमें जेईई में सफल 35 और नीट में सफल 12 विद्यार्थी शामिल हैं. क्लैट में सफल विद्यार्थियों को भी पुरस्कार दिया जायेगा.
इस पूरे सम्मान समारोह के लिए 1.46 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि तय की गयी है. विद्यार्थियों को कुल 226 लैपटॉप, 80 मोबाइल और नौ टैब भी दिये जायेंगे. यानी मेधावी विद्यार्थियों के लिए कैश प्राइज के साथ डिजिटल गिफ्ट्स की भी तैयारी है.
13 नवंबर तक देनी होगी जानकारी
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के निदेशक ने सभी जिलों के डीईओ को 13 नवंबर तक सम्मान समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थियों की उपस्थिति की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा है. यदि कोई विद्यार्थी किसी जरूरी कारण से समारोह में नहीं पहुंच पाता है, तो उसकी जगह उसके माता-पिता कार्यक्रम में शामिल हो सकेंगे.
जिलों को विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से संपर्क कर समारोह में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.


