Patna : बिहार के यात्रियों के लिए नए साल 2026 में देश के प्रमुख शहरों तक सस्ती और सुविधाजनक यात्रा का मौका मिलने वाला है। रेलवे बोर्ड बिहार से मुंबई, दिल्ली, सूरत और पंजाब के लिए चार नई अमृत भारत ट्रेनें चलाने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत पटना से मुंबई और दिल्ली के लिए दूसरी अमृत भारत ट्रेन भी परिचालित होगी। वहीं, मुजफ्फरपुर से सूरत और समस्तीपुर से पंजाब के लिए भी ट्रेनें शुरू की जाएंगी।
पटना जंक्शन से मुंबई तक नई अमृत भारत ट्रेन के परिचालन से स्लीपर और जनरल श्रेणी के यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। फिलहाल पटना और आरा होकर केवल चार जोड़ी अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें ही चल रही हैं। इसके अलावा पाटलिपुत्र लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस समेत पांच अन्य ट्रेनें मुंबई के लिए दानापुर मंडल से गुजरती हैं। त्योहारी सीजन में टिकट की उपलब्धता हमेशा चुनौतीपूर्ण रहती है, इसलिए नई ट्रेनों का परिचालन यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा साबित होगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अप्रैल तक पटना से मुंबई के बीच नई ट्रेनें शुरू कर दी जाएंगी। नई ट्रेनें पूर्व मध्य रेल समेत कई जोनों की जरूरत और सर्वे के आधार पर शुरू की जाएंगी। इसके लिए अमृत भारत ट्रेन के लगभग 100 रैक का निर्माण चल रहा है। साथ ही, 200 वंदे भारत एक्सप्रेस और 50 नमो भारत ट्रेन के रैक भी तैयार किए जा रहे हैं।
पूर्व मध्य रेल के दानापुर और डीडीयू मंडलों ने टाइम टेबल तैयार करने का काम शुरू कर दिया है। इसके बाद नई ट्रेनें चलाने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा जाएगा। योजना के अनुसार बिहार के विभिन्न रेल मंडलों में नई ट्रेनों की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस कदम से न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि बिहार से देश के प्रमुख शहरों की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी और यात्रा का समय भी कम होगा।
Also Read : झारखंड के सभी नगर निगम क्षेत्रों में बनेगा शहरी आपदा प्रबंधन प्राधिकरण

