Patna : बिहार पुलिस को आधुनिक तकनीक से लैस और प्रशिक्षित 1218 नए सब-इंस्पेक्टर मिल गए हैं। राजगीर पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में 2023 बैच के इन प्रशिक्षुओं ने कठोर प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया। शनिवार को राजगीर स्थित बिहार पुलिस अकादमी में भव्य दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि सीएम नीतीश कुमार ने परेड की सलामी ली और नवनियुक्त दारोगाओं को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। डिप्टी सीएम सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी, डिप्टी सीएम विजय चौधरी और मंत्री श्रवण कुमार भी मंच पर उपस्थित रहे।
सीएम ने कहा कि बदलते अपराध के दौर में पुलिस की जिम्मेदारी बढ़ गई है। ऐसे समय में प्रशिक्षित और संवेदनशील पुलिस बल समाज की अपेक्षाओं पर खरा उतर सकता है। इस बैच में कुल 1218 प्रशिक्षु शामिल हैं, जिनमें 779 पुरुष, 436 महिलाएं और 3 ट्रांसजेंडर अधिकारी हैं। विशेष रूप से तीन ट्रांसजेंडर प्रशिक्षु – बंटी कुमार, मधु कश्यप और रॉनित झा ने इतिहास रचा। इसके अलावा खेल कोटा से चयनित 23 प्रशिक्षु और झारखंड कैडर के 4 प्रशिक्षु भी इस बैच में शामिल हैं।
दीक्षांत समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को भी सम्मानित किया गया। अंकित कुमार को सीएम पिस्टल और बैटल से, रूपेश कुमार को तलवार से और मीना कुमारी को बेस्ट परेड कमांडर अवॉर्ड से नवाजा गया। पुलिस प्रशिक्षण केंद्र के निदेशक आर. मलर विल्ली ने बताया कि प्रशिक्षुओं को इंडोर और आउटडोर दोनों तरह का आधुनिक और कठोर प्रशिक्षण दिया गया, ताकि वे फील्ड में हर चुनौती का सामना कर सकें। दीक्षांत समारोह के साथ ही ये 1218 प्रशिक्षु अब बिहार पुलिस में शामिल होकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी संभालेंगे।
Also Read : IPL 2026 ऑक्शन में शामिल होंगे पूर्णिया सांसद पप्पू यादव के बेटे, बेस प्राइस 30 लाख रुपये


