रांची: जेपीएससी-जेएसएससी में कथित अनियमितताओं के विरोध में बीते 21 अगस्त शुक्रवार को रांची में आयोजित छात्र आंदोलन के मामले में एक युवती ने जेएमएम के 8 लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है. इसको लेकर युवती ने कोतवाली थाना में लिखित शिकायत की है. युवती ने जेएमएम के नवीन चंचल, उत्तम यादव, शाहबाज़ मलिक, मुस्ताक आलम, आशुतोष वर्मा उर्फ सोनू वर्मा, अंकिता वर्मा, डॉ. हेमलाल कुमार मेहता और अश्विनी शर्मा को नामजद आरोपी बनाया है. इस दौरान मारपीट, छेड़छाड़, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. शिकायतकर्ता ने पुलिस से नामजद आरोपियों के साथ मौके पर मौजूद 35-40 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है.
क्या है मामला
कोतवाली पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में युवती ने बताया है कि 21 अगस्त को जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में अनियमितताओं के विरोध में आयोजित छात्र आंदोलन में वह शामिल हुई थी. आंदोलन के दौरान वह तत्कालीन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला लेकर जा रही थी. इसी दौरान कुछ लोगों ने उसके हाथ से पुतला जबरन छीन लिया. इसके अलावा उसने कहा कि पुतला छीने जाने का विरोध करने और उसे वापस लेने का प्रयास करने पर उसके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई. उसने इसी दौरान छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार किए जाने का भी आरोप लगाया है.
वीडियो और सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कराने की मांग
पुलिस को दिए आवेदन में युवती ने घटना से जुड़े वीडियो फुटेज को महत्वपूर्ण साक्ष्य बताते हुए उन्हें सुरक्षित कराने की मांग की है. इसके लिए सीसीटीवी फुटेज और अन्य समाचार एजेंसियों के वीडियो, सोशल मीडिया पर उपलब्ध वीडियो तथा प्रत्यक्षदर्शियों के मोबाइल से बनाए गए वीडियो को सुरक्षित कर जांच में शामिल करने का अनुरोध किया है.
कोतवाली थाने पहुंचे भाजपा के कई वरिष्ठ नेता
युवती द्वारा कोतवाली थाने में लिखित शिकायत देने के मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ नेता पीड़िता के समर्थन में कोतवाली थाने पहुंचे. मौके पर बाबूलाल मरांडी (नेता प्रतिपक्ष), अमर बाउरी (पूर्व विधायक) और दीपक प्रकाश (पूर्व राज्यसभा सांसद) समेत भाजपा नेताओं ने पुलिस प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की.
Also Read :झारखंडः पुलिस ने फ्रीज कराए 150 करोड़, 41 करोड़ का ड्रग्स भी जब्त


