जोहार लाइव ब्यूरो
झारखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा सोमवार 24 अगस्त को जनवरी 2026 से लेकर जुलाई तक की उपबल्धियों का आंकड़ा जारी किया है. इसमें झारखंड पुलिस की ओर से पुलिस प्रवक्ता नरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि झारखंड पुलिस ने उक्त अवधि में साइबर ठगी के 150 करोड़ रुपए फ्रीज किए गए हैं.
वहीं दूसरी ओर अभियान के दौरान 41 करोड़ रुपए का मादक पदार्थ जब्त किया गया है.

पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी से जुलाई माह तक नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल में कुल 77,503 साइबर ठगी से संबंधित शिकायतें दर्ज कराई गई थी. इन शिकायतों में 150 करोड़ रुपए विभिन्न बैंक खातों में फ्रीज किए गए हैं. जबकि 19 करोड़ रुपए साइबर ठगी के शिकार लोगों को वापस किए गए हैं. जांच के क्रम में साइबर ठगी में प्रयोग हुए 22,165 मोबाइल नंबर को ब्लॉक किया गया है. इसके साथ ही 10,054 आईएमईआई नंबर ब्लॉक किए गए हैं.
प्रतिविंब एप के तहत कार्रवाई कर जनवरी से जून माह तक 486 लोगों को गिरफ्तार किया गया और 658 केस दर्ज किए गए. इस कार्रवाई के तहत 17,78,750 रुपए जब्त किए गए.
41 करोड़ रुपए का मादक पदार्थ बरामद
पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार पूरे राज्य में 17 जून से 26 जून तक नशामुक्ति अभियान चलाया गया. इस अभियान के दौरान और जनवरी से जून माह तक मादक पदार्थ को लेकर कुल 435 केस दर्ज किए गए. इस केस में 710 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि पुलिस ने छापेमारी के दौरान 41 करोड़ रुपए के गांजा, अफीम, ब्राउन शुगर और डोडा जब्त किए.
इसमें 3461 कि०ग्रा० गांजा (अनुमानित कीमत-17.30 करोड़), 151 कि०ग्रा० अफीम (अनुमानित कीमत-7.5 करोड़), 3. 3.6 कि०ग्रा० ब्राउन शुगर (अनुमानित कीमत-36 लाख), 4. 10218 कि०ग्रा० डोडा (अनुमानित कीमत-15.30 करोड़),
इसके अलावा फसलीय वर्ष 2025-26 में लगभग 4620 एकड़ भूमि में लगे अफीम की फसल को विनष्ट किया गया. इसके अतिरिक्त झारखण्ड पुलिस द्वारा नियमित रूप से सार्वजनिक स्थलों पर मादक पदार्थ के दुष्प्रभाव को लेकर जन-जागरूकता अभियान चलाया जाता रहा है.
क्राइम कंट्रोल के तहत 47 लोग जिलाबदर
पुलिस के अनुसार क्राइम कंट्रोल एक्ट के तहत 47 लोगों को जिलाबदर किया गया. जबकि 9 लोगों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया था. इसमें राहुल दुबे, प्रिंस खान, राहुल सिंह, जियाउर हक उर्फ गोपी खान, मो. अरशद उर्फ रितिक, शेख उस्तार, नीरज सिंह और तेजिंदर पाल सिंह सहित अन्य लोगों का नाम शामिल है.
Also Read :जेपीएससी परीक्षा पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, CBI जांच की मांग पर केंद्र, झारखंड सरकार और आयोग को नोटिस


