Patna : पटना सिटी के बाईपास थाना क्षेत्र स्थित करमाली चेक के पास शनिवार सुबह एक प्लास्टिक गोदाम में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें दूर से ही दिखाई दे रही थीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
एक घंटे में पाया गया आग पर काबू
घटना की सूचना तुरंत गोदाम के कर्मचारियों ने फायर ब्रिगेड को दी। जानकारी मिलते ही अग्निशमन विभाग की करीब एक दर्जन दमकल गाड़ियां और एक हाइड्रोलिक वाहन मौके पर पहुंचे। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद लगभग एक घंटे में आग पर काबू पा लिया। गनीमत रही कि आग लगने के समय गोदाम के अंदर कोई भी मौजूद नहीं था। यदि उस वक्त कर्मचारी अंदर होते तो हादसा और बड़ा हो सकता था। आग बुझाने के दौरान फैक्ट्री के अंदर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सूचना मिलने पर बाईपास थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। फायर ब्रिगेड कर्मी क्रेन की मदद से आग बुझाते नजर आए।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
फायर ऑफिसर दयानंद सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की आशंका है। उन्होंने कहा कि फिलहाल नुकसान का आकलन नहीं हो पाया है, क्योंकि गोदाम मालिक की ओर से अब तक कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है। फायर ऑफिसर ने यह भी बताया कि प्लास्टिक गोदाम में फायर सेफ्टी के जरूरी मानकों का पालन नहीं किया गया था। इस मामले में गोदाम मालिक से पूछताछ की जाएगी। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
Also Read : खूंटी में झारखंड बंद को लेकर प्रशासन सतर्क, जगह-जगह दंडाधिकारी तैनात


