Dhanbad : धनबाद के लुबी सर्कुलर रोड (एलसी रोड) पर बीती देर रात बाइक रेस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार में रेस लगा रहे युवकों की बाइकें आपस में टकरा गईं। हादसा इतना जबरदस्त था कि कुल आठ युवक जख्मी हो गए। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। जख्मी युवक सड़क पर गिरकर दर्द से कराहते नजर आए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी और जख्मियों की मदद की।
जख्मियों की पहचान
हादसे में जख्मी युवकों की पहचान हीरापुर झरनापाड़ा निवासी छोटू यादव (18), पप्पू यादव (22), सोनू यादव (20), पुलिस लाइन निवासी लव कुमार रवानी (33), राजा तिवारी (16), सौरव यादव (19), धैया निवासी शिव शंकर साव (26) और बेकारबांध रामनगर निवासी नीरज कुमार (29) के तौर पर की गई है।
अस्पताल में मचा हड़कंप
सभी जख्मियों को स्थानीय लोगों की मदद से शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) ले जाया गया। एक साथ आठ जख्मियों के इमरजेंसी वार्ड पहुंचने से अस्पताल में हड़कंप मच गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सोनू यादव, पप्पू यादव, छोटू यादव और सौरव यादव की हालत गंभीर बताते हुए उन्हें रिम्स, रांची रेफर कर दिया। हालांकि परिजन उन्हें निजी अस्पताल लेकर चले गए।
रेस के दौरान हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार सभी युवक आपस में दोस्त हैं। बीती देर रात वे सिटी सेंटर चौपाटी से नाश्ता कर रणधीर वर्मा चौक की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान चार से पांच अलग-अलग बाइकों पर सवार होकर एलसी रोड पर रेस लगाने लगे। बीएसएस कॉलेज के पास दो बाइकें बेकाबू होकर आपस में टकरा गईं। पीछे से आ रही तीसरी बाइक भी उनकी चपेट में आ गई और दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
मामले की जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही धनबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से दो बुरी तरह क्षतिग्रस्त बाइकें जब्त की हैं, जिनमें एक रेसर बाइक और जेएच-10 डीबी 8173 नंबर की बाइक शामिल है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Also Read : राजधानी के प्लास्टिक गोदाम में लगी भीषण आ’ग, एक घंटे में पाया गया काबू

