जोहार लाइव ब्यूरो
खूंटी: आरसी बालक मध्य विद्यालय के प्रिंसिपल फादर बेनेदिक बारला पर हमले के विरोध में बुधवार को खूंटी बंद कर दिया गया है. खूंटी स्थित भगत सिंह चौक पर सुबह 9 बजे से आदिवासी संगठनों ने सड़क जाम कर दिया. इससे रांची-चाईबासा रोड पर आवागमन प्रभावित हुआ और आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा है.
सड़क जाम कर रहे लोग घटना में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. बंद में मार्शल बारला, विजय सांगा और चर्च से जुड़े लोग शामिल हैं. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि हमलावरों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए.

प्रदर्शन कर रहे स्थानीय व्यक्ति सेथ सुरिन ने बताया कि यह बंद आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर की गई है. बीती रात को RC बॉएज मिडिल स्कूल के फादर पर जो हमला हुआ था उसको लेकर है.
वहीं अन्य प्रदर्शनकारी ने कहा कि पुलिस के पास सबका नाम है, फिर क्यों देरी हो रही है. कार्रवाई नहीं हुई तो कल झारखंड बंद करेंगे.
गौरतलब है कि मंगलवार देर रात तीन नकाबपोश युवक स्कूल परिसर में घुसे थे. इसी दौरान वहां पहुंचे प्रिंसिपल फादर बेनेदिक बारला के साथ उनकी बहस हुई, जिसके बाद उन पर चाकू से हमला किया गया. घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए रांची लाया गया. फिलहाल फादर बेनेदिक बारला सुरक्षित हैं और पल्स हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा है.
खूंटी पुलिस मामले की जांच कर रही है. सीसीटीवी फुटेज में तीन नकाबपोश युवक दिखाई दिए हैं. पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.
Also Read : खूंटीः प्रिंसिपल बेनेदिक पर गोली से नहीं, चाकू से किया गया हमला


