Khunti : आदिवासी नेता और पड़हा राजा सोमा मुंडा की हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी और न्याय की मांग को लेकर विभिन्न आदिवासी संगठनों ने शनिवार को एक दिवसीय झारखंड बंद का आह्वान किया है। बंद को देखते हुए खूंटी जिले में व्यापक असर की आशंका जताई जा रही है। इसे लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
बंद से पहले शुक्रवार देर शाम खूंटी शहर में मशाल जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। जुलूस के दौरान बंद को सफल बनाने की अपील की गई और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सोमा मुंडा हत्याकांड के आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
42 दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति
झारखंड बंद के मद्देनजर जिला प्रशासन ने खूंटी जिला मुख्यालय और सभी प्रखंडों में कुल 42 दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की है। एसडीओ कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार खूंटी सदर प्रखंड के हुटार, बिरहू, पिपराटोली, शिम्बुकेल, सेरेंगडीह, बस स्टैंड, ऊपर चौक, नीचे चौक, तमाड़ मोड़, बगडू चौक, कर्रा रोड, चुकरु मोड़ और चलांगी स्थित श्रद्ध कार्यक्रम स्थल पर दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है।
मुरहू प्रखंड में नील फैक्ट्री, कुंजला मोड़, डुडरी चौक, मुरहू बाजार, सोयको चौक और बिंदा चौक पर प्रशासन की विशेष निगरानी रहेगी। कर्रा प्रखंड में कर्रा चौक, कसीरा, उडीकेल, कच्चाबारी, कर्रा रेलवे स्टेशन और रेलवे फाटक के पास, गोविंदपुर, कैंची मोड़ और लोधमा में दंडाधिकारियों को तैनात किया गया है।
संवेदनशील इलाकों पर खास नजर
तोरपा प्रखंड में तोरपा बाजार, हिल चौक, तपकरा बाजार टांड, कमड़ा मोड़, कुमांग मोड़ और दियांकेल पर नजर रखी जा रही है। वहीं रनिया प्रखंड के ब्लॉक चौक और अड़की प्रखंड के अड़की चौक, सिंदरी चौक और सेरेंगहातु चौक पर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसके अलावा जिला नियंत्रण कक्ष में भी तीन दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है।
आदेश के अनुसार सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी शनिवार सुबह आठ बजे तक अपने-अपने स्थल पर पहुंचकर जिम्मेदारी संभालेंगे। एसडीओ ने सभी अंचल अधिकारियों और प्रखंड विकास पदाधिकारियों को अपने क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया है। अग्निशमन विभाग को अलर्ट मोड में रहने और सिविल सर्जन को आवश्यक चिकित्सकीय टीम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
Also Read : पड़हा राजा सोमा मुंडा की हत्या के विरोध में आज झारखंड बंद, 30 आदिवासी संगठनों ने किया आह्वान


