Chatra : चतरा जिले के सदर थाना क्षेत्र के तुड़ाग गांव में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक व्यक्ति का शव संदिग्ध हालत में मिला। मृतक की पहचान गंधरिया गांव के बहराकोचा निवासी 58 वर्षीय योगेंद्र यादव के रूप में हुई है। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे गांव में डर और चर्चा का माहौल बन गया।
टहलने निकले थे, फिर नहीं लौटे
परिजनों के मुताबिक योगेंद्र यादव रोज की तरह सुबह टहलने के लिए घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। काफी देर तक जब उनका कोई पता नहीं चला, तो घरवालों ने खोजबीन शुरू की। इसी बीच अगले दिन उनका शव गांव के पास मिलने की खबर आई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
महुआ चुनने गए ग्रामीणों ने देखा शव
शनिवार सुबह महुआ चुनने पहुंचे ग्रामीणों की नजर गांव के पास पड़े शव पर पड़ी। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी देवरिया के मुखिया कृष्णा दुबे को दी। मुखिया ने बिना देर किए पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मामला सामने आया।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
सूचना मिलते ही एसडीपीओ संदीप सुमन और सदर थाना प्रभारी अवधेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक के जेब से मिले मोबाइल के आधार पर भी पुलिस छानबीन कर रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
हत्या की आशंका से बढ़ी बेचैनी
परिजन और ग्रामीण इसे हत्या का मामला मान रहे हैं। उनका कहना है कि योगेंद्र यादव की हत्या कर शव को यहां फेंका गया है। हालांकि पुलिस फिलहाल हर पहलू से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ होने की बात कह रही है।
Also Read : झारखंड बार काउंसिल चुनाव, मतगणना जारी, आरोपों पर प्रशासन ने दी सफाई


