प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुंबई यात्रा से पहले उनकी सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है. पीएम मोदी आज मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट का उद्घाटन करने वाले हैं. इससे पहले कार्यक्रम स्थल के पास सुरक्षा जांच के दौरान दो लोगों को हिरासत में लिया गया. इनमें एक युवक ने खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय यानी PMO का अधिकारी बताया था.
फर्जी PMO ID दिखाकर मॉल में घुसने की कोशिश
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए युवक की पहचान 24 वर्षीय रोहन पारेख के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह एक बड़े कारोबारी का बेटा है. मंगलवार शाम करीब 5.30 बजे वह बांद्रा के एक बड़े मॉल में पहुंचा था. रोहन ने पुलिस को बताया कि वह अपने बॉडीगार्ड के साथ मॉल के अंदर जाएगा. इस दौरान उसने PMO का आईडी कार्ड भी दिखाया.
पुलिस को उसकी पहचान पर शक हुआ, जिसके बाद आईडी कार्ड की जांच की गई. जांच में कार्ड कथित तौर पर फर्जी पाया गया. इसके बाद पुलिस ने रोहन को हिरासत में ले लिया. उसके साथ मौजूद बॉडीगार्ड की भी तलाशी ली गई.
बॉडीगार्ड के पास मिली लाइसेंसी रिवॉल्वर
तलाशी के दौरान बॉडीगार्ड के पास से एक रिवॉल्वर बरामद हुई. पुलिस के अनुसार, रिवॉल्वर लाइसेंसी है. हालांकि, फर्जी पहचान पत्र के इस्तेमाल और हथियार से जुड़े प्रावधानों के तहत दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
यह मामला ऐसे वक्त सामने आया है जब प्रधानमंत्री मोदी के मुंबई दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि रोहन ने खुद को PMO अधिकारी क्यों बताया और उसके पास फर्जी पहचान पत्र कहां से आया.
Also Read : कौन हैं हुदा जरीवाला, जिनकी CM योगी पर कथित टिप्पणी के बाद हुई गिरफ्तारी?

