दिल्ली में मणिपुर के संगीतकार चोंगथाम विक्रम सिंह की पीट-पीटकर हत्या के बाद राजधानी में रहने वाले पूर्वोत्तर के लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं. दिल्ली में पूर्वोत्तर भारत के लोगों के खिलाफ हिंसा अकसर देखने को मिलती है. लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इस घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि इस तरह की घटनाओं के बाद दिल्ली में रहने वाले पूर्वोत्तर के हर परिवार के मन में एक ही सवाल है, क्या हम यहां (दिल्ली में) सुरक्षित हैं?
राहुल गांधी ने कहा कि विक्रम सिंह अपने घर के बाहर हो रहे शोर को कम करने के लिए कुछ लोगों से बात करने नीचे गए थे, लेकिन उन्हें पीट-पीटकर मार डाला गया. उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस से सवाल किया कि पूर्वोत्तर के लोगों के खिलाफ होने वाली ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या किया जा रहा है. उन्होंने मामले की तेज जांच और आरोपियों को न्याय के कटघरे में लाने की मांग की.
क्या है पूरा मामला
घटना दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के किलोकरी गांव की है. रविवार रात करीब 11.30 बजे चोंगथाम विक्रम सिंह अपने घर से नीचे आए थे. उनके घर के बाहर कुछ लोग शोर-शराबा और तेज आवाज में संगीत कर रहे थे. विक्रम सिंह ने उन्हें आवाज कम करने के लिए कहा. इसके बाद कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया.
पुलिस के मुताबिक, विवाद में डिलीवरी एजेंट और ढाबे पर काम करने वाले लोग शामिल थे. आरोप है कि विक्रम सिंह को आरोपियों ने घेरकर बुरी तरह पीटा. सामने आए CCTV फुटेज में आरोपियों को घटना के बाद इमारत से बाहर निकलते हुए देखा गया है. परिवार के लोग करीब 10 मिनट बाद घायल विक्रम सिंह को लेकर अस्पताल पहुंचे. विक्रम सिंह को ओखला के होली फैमिली अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
कौन थे चोंगथाम विक्रम सिंह
चोंगथाम विक्रम सिंह मणिपुर के जाने-माने संगीतकार और गिटारिस्ट थे. वह मणिपुर के रॉक बैंड Phoenix के लीड गिटारिस्ट रहे थे. इसके अलावा वह Ultra Vires और Eastern Dark जैसे बैंड से भी जुड़े रहे. करीब 17-20 साल पहले वह दिल्ली आए थे और यहां संगीत सिखाने का काम करते थे.
राहुल गांधी और किरेन रिजिजू
राहुल गांधी ने इस घटना को सिर्फ एक हत्या के तौर पर नहीं देखा, बल्कि इसे दिल्ली में रहने वाले पूर्वोत्तर के लोगों की सुरक्षा से जोड़ते हुए सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि विक्रम सिंह की हत्या के बाद पूर्वोत्तर के परिवारों के मन में यह सवाल है कि क्या वे दिल्ली में सुरक्षित हैं? राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस से बढ़ती ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कार्रवाई करने की मांग की.
वहीं, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि उन्होंने दक्षिण दिल्ली रेंज के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और पूर्वोत्तर से जुड़े मामलों को देखने वाले अधिकारियों से बात की है. उनके मुताबिक, मामले में शामिल सभी आठ आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं. पुलिस ने विक्रम सिंह के परिवार से भी मुलाकात की है.
रिजिजू ने कहा कि पुलिस ने उन्हें भरोसा दिया है कि करीब दो सप्ताह के भीतर मजबूत चार्जशीट दाखिल की जाएगी और दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए. उन्होंने यह भी बताया कि विक्रम सिंह का शव मणिपुर ले जाया जाएगा.

