जामताड़ा : झारखंड के साइबर क्राइम हब जामताड़ा में पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है. एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर डीएसपी (साइबर अपराध) के नेतृत्व में गठित विशेष छापामारी दल ने नारायणपुर और करमाटांड़ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर 3 शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से 8 लाख 13 हजार रुपये नकद, 8 मोबाइल और 6 सिम कार्ड बरामद किए हैं.
गुप्त सूचना मिलने के बाद छापामारी दल ने नारायणपुर थाना अंतर्गत बोरवा गांव में बबलू अंसारी के घर छापेमारी कर एक साइबर अपराधी को दबोचा. वहीं, दूसरी कार्रवाई करमाटांड़ थाना क्षेत्र के काशीटांड़ आमबगान के पास की गई, जहाँ से 2 अन्य साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया. इस संबंध में जामताड़ा साइबर थाना में B.N.S., I.T. Act और Telecommunications Act के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. गिरफ्तार किये आरोपियों में शामिल है-
-
बबलू अंसारी (उम्र 22 वर्ष), पिता- इदरिश मियाँ, ग्राम- बोरवा, थाना- नारायणपुर.
-
पप्पू मंडल (उम्र 25 वर्ष), पिता- महेन्द्र मंडल, ग्राम- काशीटांड़, थाना- करमाटांड़.
-
प्रकाश कुमार मंडल (उम्र 28 वर्ष), पिता- रामलाल मंडल, ग्राम- काशीटांड़, थाना- करमाटांड़.
ठगी का शातिर तरीका
जांच में खुलासा हुआ है कि ये अपराधी भोले-भाले लोगों को अलग-अलग तरीकों से अपना शिकार बना रहे थे:
-
पहला तरीका: ये लोगों को फोन कर क्रेडिट कार्ड से संबंधित समस्याओं का समाधान करने का झांसा देते थे और उनके मोबाइल पर ‘Rumyee App’ की फर्जी APK फाइल भेजकर इंस्टॉल करवाते थे. इसके जरिए वे बैंक खाते की गोपनीय जानकारी चुराकर ठगी करते थे.
-
दूसरा तरीका: फोनपे (PhonePe) पर 1,999 रुपये का कैशबैक आने का फर्जी मैसेज भेजकर ग्राहकों को उसे ‘Accept’ करने को कहते थे. जैसे ही पीड़ित लिंक या ऑप्शन स्वीकार करता था, उनके खाते से पैसे उड़ जाते थे.
पुलिस की पड़ताल में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार अभियुक्तों में से पप्पू मंडल और प्रकाश कुमार मंडल का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. जामताड़ा साइबर थाना में इनके खिलाफ पहले से भी मामले दर्ज हैं. इन शातिरों का कार्यक्षेत्र देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ था.
Also Read : एसीबी की कार्रवाई : होमगार्ड की ड्यूटी भी बिना घूस नहीं, 10 हजार लेते कार्यालय का मुंशी गिरफ्तार


