जोहार लाइव ब्यूरो
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बुधवार को मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में झारखंड कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू ने शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान राज्य में चल रही विकास योजनाओं और मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई.
इस मुलाकात के दौरान झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक प्रदीप यादव और विधायक राजेश कच्छप भी मौजूद रहे. मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रभारी के बीच हुई इस मुलाकात को राज्य में गठबंधन की राजनीतिक गतिविधियों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है.
बैठक के दौरान राज्य में धरातल पर उतर रही जनहित योजनाओं की प्रगति और उनके संचालन पर विशेष मंथन हुआ. साथ ही आगामी रणनीतियों और वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य पर दोनों नेताओं के बीच लंबी मंत्रणा चली.


