जोहार लाइव ब्यूरो
गोड्डा जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र के डहुआ गांव में 12 वर्षीय बच्ची की हत्या का मामला सामने आया है. मृत बच्ची की पहचान नीतू मरांडी, पिता तलवा मरांडी के रूप में हुई है. गुरुवार सुबह बच्ची का शव गांव के बहियार में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई.
जानकारी के अनुसार, नीतू बुधवार रात अपने माता-पिता के साथ घर में सोई थी. बताया जा रहा है कि देर रात किसी ने उसे घर से बाहर निकाला. इसके बाद घर के पीछे उसकी हत्या कर दी गई. गुरुवार सुबह उसका शव बहियार में मिला. शव से सिर गायब होने की बात भी सामने आई है.
घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग मौके पर जुट गए. बच्ची की हत्या से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है. ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है.
सूचना मिलने पर ललमटिया थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस हत्या के कारणों, संदिग्धों और गायब सिर की तलाश समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
Also Read : हेमंत सोरेन से मिले झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू, विकास योजनाओं और राजनीतिक हालात पर हुई चर्चा


