Patna : अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप में शानदार प्रदर्शन कर भारत और बिहार का नाम रोशन करने वाले युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी आज पटना पहुंचे। राजधानी में उनके स्वागत को लेकर फैन्स में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
मुख्यमंत्री आवास पर भव्य स्वागत समारोह
रविवार को शाम 4 बजे राज्य सरकार की ओर से अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर उनके सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विशेष रूप से इस कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे और वैभव सूर्यवंशी को औपचारिक तौर पर सम्मानित करेंगे। समारोह में खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, मंत्री विजय चौधरी के साथ-साथ दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा भी उपस्थित रहेंगे।
बिहार के खेल इतिहास में गौरव का क्षण
सरकार इस उपलब्धि को बिहार के खेल इतिहास में गर्व का क्षण मान रही है। समारोह का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करना है। इस मौके पर वैभव सूर्यवंशी के करियर, अंडर-19 विश्व कप में उनके योगदान और बिहार में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने पर विशेष चर्चा होगी।
अंडर-19 विश्व कप में वैभव की रिकॉर्ड तोड़ पारी
वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 विश्व कप में सिर्फ 14 साल की उम्र में शानदार प्रदर्शन किया। हरारे क्रिकेट ग्राउंड में उन्होंने 175 रन की पारी खेली, जिसमें 15 चौके और 15 छक्के शामिल थे। यानी 150 रन केवल बाउंड्री के जरिए बनाए। उनकी पारी की बदौलत भारत ने 50 ओवर में 411 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में इंग्लैंड की टीम 40.2 ओवर में 311 रन पर सिमट गई। भारत ने मुकाबला 100 रन से जीतकर छठी बार खिताब अपने नाम किया।
रिकॉर्ड और उपलब्धियां
वैभव सूर्यवंशी ने इस टूर्नामेंट में यूथ वनडे (अंडर-19) में भारत के लिए सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाया। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने कुल 30 छक्के लगाए, जो इस स्टेज पर सबसे ज्यादा है। इस प्रदर्शन ने उन्हें न सिर्फ टीम का हीरो बनाया, बल्कि देशभर के युवा क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बना दिया।
फैन्स में दिखा उत्साह
पटना में उनके आगमन पर खेल प्रेमियों और फैन्स में उत्साह का माहौल था। लोग वैभव को देखकर रोमांचित थे और कई ने उनके साथ सेल्फी लेने और ऑटोग्राफ लेने की भी कोशिश की। यह समारोह बिहार के खेल प्रेमियों के लिए एक यादगार पल साबित होने वाला है।
Also Read : गिरिडीह में तेज रफ्तार बाइक ने दो मासूम बच्चों को मारी टक्कर,बच्चों की स्थिति गंभीर


