जोहार लाइव ब्यूरो
देवघर। झारखंड के देवघर जिले में बीते देर रात अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी. इस घटना के बाद से इलाके में भय का माहौल है. भीड़भाड़ के समय ऐसी घटना को अंजाम देकर आराम से निकल जाना देवघर पुलिस के लिए खुली चुनौती है. मृतक की पहचान बिहार के बांका जिले के चांदन थाना क्षेत्र अंतर्गत गोड़ियारी गांव निवासी रौशन यादव के रूप में हुई है. देवघर पुलिस के मुताबिक, हत्या के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा. फिलहाल इस मामले में कुछ कहना जल्दबाजी होगा. इधर, टाउन थाना प्रभारी रवि ठाकुर ने कहा की पुलिस मामले की जांच में जुटी है. जल्द अपराधी को गिरफ्तार किया जायेगा.
आपसी रंजिश में हत्या की आशंका
जानकारी के अनुसार, रौशन यादव की गोली मारकर हत्या की गई है. आशंका जताई जा रही है कि इस वारदात को आपसी रंजिश के कारण अंजाम दिया गया. हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि हत्या के पीछे किसका हाथ है और घटना को अंजाम देने के लिए कितने अपराधी मौके पर मौजूद थे. पुलिस घटनास्थल से जुड़े तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है.

दुर्गा पूजा में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, फिर भी अपराधियों के हौसले पर सवाल
दुर्गा पूजा को देखते हुए झारखंड़ पुलिस मुख्यालय ने राज्य के हर जिले में अतिरिक्त फोर्स की तैनाती की है. इसके बावजूद अपराधी का मनोबल बढ़ना पुलिस के लिए चुनौती है. देवघर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही थी. त्योहार के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों, प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की अतिरिक्त तैनाती हुई थी. ऐसे समय में देर रात गोली मारकर हत्या की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय स्तर पर इस वारदात को लेकर चिंता जताई जा रही है। सवाल यह भी है कि त्योहार के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच अपराधियों ने इतनी गंभीर वारदात को कैसे अंजाम दिया.


