खूंटी पुलिस ने अलग-अलग दर्ज मामलों में कार्रवाई करते हुए मानव तस्करों के चंगुल से चार नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू किया है. इनमें तीन लड़कियों को दिल्ली से और एक को जयपुर से बरामद किया गया है. सभी लड़कियां खूंटी जिले की रहने वाली हैं.
दिल्ली से रेस्क्यू की गई तीनों लड़कियां करीब एक साल से लापता थीं, जबकि जयपुर से बरामद लड़की करीब 11 साल से लापता थी. हालांकि, उसके परिजनों ने पिछले साल ही उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी.
प्लेसमेंट एजेंसियों के माध्यम से घरों में कराया जा रहा था काम

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चारों लड़कियों को मानव तस्करों ने प्लेसमेंट एजेंसियों के माध्यम से दूसरे राज्यों में पहुंचाया था. वहां उन्हें अलग-अलग घरों में घरेलू कामकाज में लगाया गया था. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, लड़कियों के साथ अत्याचार की कोई शिकायत सामने नहीं आई है, लेकिन उन्हें काम के बदले कम पैसे दिए जा रहे थे.
चारों लड़कियों को बरामद करने के लिए खूंटी पुलिस ने दिल्ली और जयपुर में कार्रवाई की. रेस्क्यू अभियान में महिला पुलिस अधिकारी और आरक्षी भी शामिल थे. पुलिस अब इस मामले में प्लेसमेंट एजेंसियों की भूमिका की जांच कर रही है.
खूंटी के एसपी ऋषभ गर्ग ने कहा, “मामले की जांच की जा रही है. जांच के बाद प्लेसमेंट एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.”
Also Read : देश : टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने वाले तीन संदिग्ध गिरफ्तार, राजस्थान के कोटा से दबोचे गए


