बिहार में चुनाव चोरी से बनी दो नंबरी सरकार के दस नंबरी मुख्यमंत्री के नेतृत्व में कानून-व्यवस्था बेलगाम हो चुकी है. मधेपुरा में राजद विधायक और पूर्व शिक्षा मंत्री प्रो. चंद्रशेखर यादव के ममेरे भाई की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है.
रविवार, 18 अक्टूबर को X पर लिखे अपने बयान में तेजस्वी ने आरोप लगाया कि बिहार में सत्ता संरक्षित, सत्ता संपोषित और सत्ता प्रायोजित अपराध रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं. उन्होंने सत्ता, अपराधियों और पुलिस के बीच गठजोड़ का आरोप लगाते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए.
विश्वविद्यालय जाने के दौरान मारी गोली
दरअसल, मधेपुरा में शुक्रवार, 16 अक्टूबर को 25 वर्षीय पीएचडी शोधार्थी प्रिंस रंजन कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई. वह घैलाढ़ प्रखंड के इनरवा गांव निवासी सुनील यादव के पुत्र थे. प्रिंस राजद विधायक प्रो. चंद्रशेखर यादव का ममेरा भाई है.

प्रिंस रंजन शुक्रवार को दोपहर करीब 12 बजे बाइक से भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय जा रहे थे. इसी दौरान मधेपुरा सदर थाना क्षेत्र के साहूगढ़ स्थित गोढ़ियारी चिमनी के पास बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी. गोली उनकी पीठ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. अस्पताल ले जाने के दौरान उनकी मौत हो गई.
मोबाइल छिनतई के विरोध में हत्या का आरोप
राजद विधायक प्रो. चंद्रशेखर के अनुसार, बदमाशों ने मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल छीनने की कोशिश की थी. उन्होंने दावा किया कि विरोध करने पर प्रिंस रंजन को गोली मार दी गई. हालांकि, वारदात के पीछे की वजह को लेकर पुलिस जांच चल रही है.
प्रो. चंद्रशेखर ने घटना के बाद जिले में बढ़ती छिनतई की घटनाओं पर भी सवाल उठाए. उन्होंने दावा किया कि जिस सड़क पर प्रिंस की हत्या हुई, वहां पिछले छह महीनों में मोबाइल और मोटरसाइकिल छिनतई की 12 से 14 घटनाएं हो चुकी हैं. उन्होंने सुनसान सड़कों पर पुलिस की तैनाती बढ़ाने और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की.
तेजस्वी ने सत्ता, अपराधी और पुलिस के गठजोड़ का लगाया आरोप
तेजस्वी यादव ने अपने बयान में लिखा कि घोर अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्ति के मुख्यमंत्री बनने के बाद से बिहार में सत्ता संरक्षित, सत्ता संपोषित और सत्ता प्रायोजित अपराध सभी रिकॉर्ड तोड़ चुके हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता, अपराधियों और पुलिस के कथित गठजोड़ ने आम नागरिकों का जीना मुहाल कर दिया है और कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ा दी हैं.
तेजस्वी ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए उन्हें अनाड़ी, खोखला और बड़बोला बताते हुए उनकी कार्यशैली पर सवाल उठाए. उनका यह बयान मधेपुरा में हुई हत्या के बहाने बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्ष के हमले के रूप में सामने आया है.
Also Read : उत्तर प्रदेश : बिजनौर में हलाला के नाम पर महिला से दुष्कर्म का आरोप, देवर गिरफ्तार


