बिजनौर: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में हलाला के नाम पर एक महिला के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है. महिला ने अपने पूर्व पति के साथ दोबारा निकाह करने की इच्छा जताई थी. आरोप है कि इसके लिए उसे हलाला की प्रक्रिया से गुजरने को कहा गया.
विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और फिर जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए. मामले में पुलिस ने शहनवाज नाम के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. वहीं, महिला के पूर्व पति मुजम्मिल समेत अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है.
तीन साल पहले हुई थी शादी, दो साल बाद तलाक
बिजनौर के पुलिस अधीक्षक केके बिश्नोई के मुताबिक, 14 अक्टूबर को एक महिला किरतपुर थाने पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई. महिला ने बताया कि उसकी शादी करीब तीन साल पहले मुजम्मिल नाम के व्यक्ति से हुई थी. शादी के दो साल बाद दोनों का तलाक हो गया. इसके बाद महिला अपने मायके में रहने लगी.

महिला के अनुसार, वह अपने पूर्व पति के साथ दोबारा रहना चाहती थी. इसी दौरान उसे बताया गया कि मुजम्मिल के साथ फिर से निकाह करने के लिए उसे हलाला की प्रक्रिया से गुजरना होगा. आरोप है कि जब महिला ने इसके लिए इनकार किया, तो उसके साथ मारपीट की गई और हलाला के नाम पर उसके साथ दुष्कर्म किया गया.
देवर शहनवाज पर दुष्कर्म का आरोप
महिला की शिकायत में शहनवाज का नाम सामने आया है, बताया जा रहा है कि शहनवाज महिला का देवर है. आरोप है कि शहनवाज ने महिला की इच्छा के विरुद्ध उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शहनवाज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
मामले में पुलिस शिकायतकर्ता के बयान, साक्ष्यों और जांच के दौरान जुटाई गई जानकारी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
पूर्व पति मुजम्मिल समेत अन्य लोगों पर भी आरोप
पुलिस अधीक्षक केके बिश्नोई ने बताया कि महिला के पूर्व पति मुजम्मिल की भूमिका की भी जांच की जा रही है. पुलिस के मुताबिक, मुजम्मिल को भी जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी.
महिला की सास गुड्डी और देवर गय्यूर समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर भी प्रताड़ित करने, मारपीट और गाली-गलौज के आरोप लगाए जाने की जानकारी सामने आई है. इसके अलवा महिला ने गर्भावस्था के दौरान दवा देकर गर्भपात कराने की कोशिश किए जाने का आरोप भी लगाया है.
क्या होता है हलाला?
हलाला इस्लामी वैवाहिक कानून से जुड़ी एक अवधारणा है, जिसका संबंध कुछ परिस्थितियों में तलाक के बाद पूर्व पति-पत्नी के दोबारा निकाह से है. जिसमें दोबारा निकाह से पूर्व अन्य व्यक्ति से निकाह कर शारीरिक संबंध बनाने होते हैं.
फिलहाल मामले में शहनवाज की गिरफ्तारी हो चुकी है. पुलिस महिला की शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है. मामले में लगाए गए आरोपों पर अंतिम निर्णय अदालत में साक्ष्यों के आधार पर होगा.


