जम्मू-कश्मीर/हरियाणा. हरियाणा के कुरुक्षेत्र के पास दिल्ली से श्रीनगर जा रही जम्मू-कश्मीर की एक बस पर ईंट-पत्थर फेंके जाने का मामला सामने आया है. इसे कथित तौर पर नफरत से प्रेरित हमला बताया जा रहा है. घटना में एक बुजुर्ग कश्मीरी व्यक्ति घायल हो गया. बस में सवार परिवार इस घटना के बाद डरे और सहमे नजर आए.
इस मामले को लेकर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने चिंता जताई है. उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और राज्य पुलिस से दोषियों को पकड़कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. उमर अब्दुल्ला ने यह भी कहा कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए.

बस के पैनल क्षतिग्रस्त
दरअसल, फैसल फारुख नाम के एक शख्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर घटना की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि दिल्ली से श्रीनगर जा रही एक बस को कथित तौर पर नफरत से प्रेरित लोगों ने निशाना बनाया. उनके मुताबिक, बस पर ईंट-पत्थर फेंके गए और उसके कई पैनल क्षतिग्रस्त हो गए.

फैसल फारुख ने दावा किया कि यह घटना हरियाणा के कुरुक्षेत्र पहुंचने से पहले हुई. उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि स्थानीय ढाबा डिवाइन स्टार की ओर से बस में सवार लोगों को कोई सहयोग नहीं दिया गया और न ही प्रशासन से संपर्क किया गया.
Also Read : तेलंगाना : हैदराबाद में डांडिया उत्सव के दौरान हादसा, लाइटिंग का ढांचा गिरने से छात्रा की मौत, 15 घायल


