Ranchi : रांची का खलारी इलाका शुक्रवार को भोरे-भोर अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। टाटीझरिया पुलिस कैंप के पास डकरा कांटा घर के आसपास टीपीसी उग्रवादियों दनादन हवाई फायरिंग की, जिसके बाद इलाके में तहलका मच गया। सुबह करीब 8 बजकर 45 मिनट पर हुई इस घटना के बाद आसपास के लोग अपने-अपने घरों और दुकानों में दुबक गए। सड़क पर चल रहे वाहन भी जहां-तहां रुक गए और कोयला से जुड़ा पूरा कामकाज ठप हो गया।

आसपास से जूते कुछ लोगों के अनुसार, रोज की तरह सुबह से ही कांटा घर के पास ट्रकों की कतार लगी थी। ड्राइवर, खलासी और मजदूर अपने काम में व्यस्त थे, तभी अचानक कई राउंड गोलियां चलने की आवाज आई। कुछ ही पलों में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कई ट्रक चालक ट्रक छोड़कर पास के घरों और दुकानों में छिप गए।
घटना के बाद उग्रवादियों द्वारा छोड़ा गया एक पर्चा भी मौके से बरामद किया गया है। पर्चे में स्थानीय कोयला कारोबारी को चेतावनी दी गई है कि वे अपना काम तुरंत बंद कर दें, वरना गंभीर अंजाम भुगतना पड़ेगा। इससे इलाके में पहले से मौजूद डर और बढ़ गया है। कोयला कारोबार से जुड़े छोटे-बड़े व्यापारी और मजदूर खासे सहमे हुए नजर आ रहे हैं।

फायरिंग की सूचना मिलते ही खलारी थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च अभियान शुरू किया गया। पुलिस ने कांटा घर, आसपास की दुकानों और रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच भी शुरू कर दी है, ताकि उग्रवादियों की पहचान की जा सके।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से इलाके में संदिग्ध गतिविधियां देखी जा रही थीं, लेकिन किसी ने इतनी बड़ी घटना की आशंका नहीं जताई थी। घटना के बाद से डकरा, टाटीझरिया और आसपास के गांवों में डर का माहौल है। कई लोग अपने बच्चों को स्कूल भेजने से भी कतरा रहे हैं।
पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई है और लगातार गश्त की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी हाल में उग्रवादियों के मंसूबों को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा।

Also Read : गिरिडीह में श्रीरामचरितमानस महायज्ञ का शुभारंभ, निकाली गई भव्य कलश शोभायात्रा
Also Read : धनबाद मेयर चुनाव में बड़ा राजनीतिक मोड़, JMM नेत्री नीलम मिश्रा ने लिया नाम वापस
Also Read : ट्रेन से कट कर युवक की दर्दनाक मौ’त, शिनाख्त में जुटी पुलिस


