गिरिडीह. JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ प्रदर्शन करने पहुंचे छात्रों और झामुमो कार्यकर्ताओं के बीच शुक्रवार को गिरिडीह में जमकर विवाद हो गया. छात्रों का आरोप है कि मुख्यमंत्री का पुतला फूंकने पहुंचे छात्रों का JMM कार्यकर्ताओं ने विरोध किया और इसके बाद उनके साथ मारपीट की. छात्रों ने आरोप लगाया कि कुछ कार्यकर्ताओं ने उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई.
दरअसल, JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों ने शुक्रवार को राज्य के सभी जिलों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने का ऐलान किया था. हाईकोर्ट के हालिया फैसले के बाद छात्रों ने सरकार पर उनके साथ धोखा करने का आरोप लगाते हुए विरोध तेज करने की घोषणा की थी.
इसी कार्यक्रम के तहत गिरिडीह में भी छात्र मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला लेकर पहुंचे थे. इसी दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन का विरोध शुरू कर दिया. इसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया. छात्रों का आरोप है कि इसके बाद JMM कार्यकर्ताओं ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी.


