सिमडेगा जिले में पुलिस की पेट्रोलिंग व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस मुख्यालय ने सिमडेगा पुलिस को 15 नए पेट्रोलिंग वाहन उपलब्ध कराए हैं. शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक ने सभी 15 वाहनों को जिले के विभिन्न थाना और ओपी को सुपुर्द किया. इससे जिले में पेट्रोलिंग के लिए उपलब्ध वाहनों की संख्या बढ़कर 30 हो गई है.
इससे पहले पुलिस मुख्यालय की ओर से सिमडेगा को 15 पेट्रोलिंग वाहन उपलब्ध कराए गए थे, जिन्हें 18 मार्च 2026 को विभिन्न थाना और ओपी को सौंपा गया था. इन वाहनों के जरिए जिले के थाना और ओपी क्षेत्रों में नियमित गश्ती को मजबूत किया गया है.
अपराध नियंत्रण के साथ सड़क हादसों में मिलेगी मदद
पुलिस के अनुसार, पेट्रोलिंग वाहनों से अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आम लोगों को त्वरित पुलिस सेवा उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है. सड़क दुर्घटनाओं के दौरान घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने में भी इन वाहनों का इस्तेमाल किया जा रहा है.
थाना और ओपी क्षेत्रों में बढ़ेगी पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता
नए 15 वाहनों के मिलने से पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता और बढ़ेगी. पुलिस को अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने, संवेदनशील इलाकों में गश्ती बढ़ाने तथा किसी घटना की सूचना मिलने पर मौके पर तेजी से पहुंचने में मदद मिलेगी.
वाहनों के सुपुर्दगी के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), परिचारी प्रवर, पुलिस केंद्र सिमडेगा, पुलिस निरीक्षक सिमडेगा और कुरडेग अंचल समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे.
Also Read : बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़: फ्लिपकार्ट पर लगा 5 लाख का जुर्माना, क्या ‘Assured’ टैग भी निकला धोखा?


