Giridih : गिरिडीह में शुक्रवार सुबह श्रीरामचरितमानस महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ हुआ। महायज्ञ की शुरुआत सिरसिया पुराना पुल ब्लॉक रोड से शहर तक भव्य कलश शोभायात्रा निकालकर की गई। इस महायज्ञ के दौरान हनुमंत, राधा-कृष्ण और शिव दरबार की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा भी की जाएगी।
कलश शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश लेकर शामिल हुईं, जबकि पुरुष श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए यात्रा में आगे बढ़ते नजर आए। यात्रा मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया।
विभिन्न मार्गों से होकर छठ घाट पहुंची यात्रा
कलश शोभायात्रा की शुरुआत सिरसिया हनुमान मंदिर से हुई। यह बरगण्डा, टावर चौक, कालीबाड़ी और मकतपुर चौक होते हुए सिरसिया छठ घाट पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलशों में पवित्र जल भरा गया। इसके बाद श्रद्धालु कलश लेकर यज्ञ स्थल की ओर लौटे।
सात दिनों तक चलेगा धार्मिक अनुष्ठान
मुख्य पुरोहित आचार्य सरोज कुमार पाण्डेय ने बताया कि यह महायज्ञ सात दिनों तक चलेगा। 7 फरवरी से श्रीरामचरितमानस पाठ का शुभारंभ होगा, जिसके साथ देवी-देवताओं का पूजन एवं हवन किया जाएगा। 11 फरवरी को हनुमंत, राधा-कृष्ण और शिव दरबार की प्रतिमाओं का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्राण प्रतिष्ठा समारोह आयोजित किया जाएगा।
12 फरवरी को होगा भंडारा
महायज्ञ के समापन अवसर पर 12 फरवरी को श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, इस महायज्ञ का उद्देश्य क्षेत्र में धार्मिक एकता, आस्था और आपसी सद्भाव को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
Also Read :धनबाद मेयर चुनाव में बड़ा राजनीतिक मोड़, JMM नेत्री नीलम मिश्रा ने लिया नाम वापस

