New Delhi : भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी रिंकू सिंह के साथ साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने उनका फेसबुक अकाउंट हैक कर लिया और न सिर्फ उसका गलत इस्तेमाल किया, बल्कि उससे होने वाली कमाई पर भी हाथ साफ कर लिया।
रिंकू सिंह ओजोन सिटी गोल्ड स्टेट के रहने वाले हैं। उनकी ओर से उनके भाई सोनू सिंह ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि रिंकू इन दिनों क्रिकेट मैचों और अभ्यास में काफी व्यस्त रहते हैं, जिस वजह से वे सोशल मीडिया पर ज्यादा ध्यान नहीं दे पा रहे थे।
कुछ दिन पहले जब रिंकू ने अपना फेसबुक अकाउंट खोलने की कोशिश की तो पासवर्ड गलत बताया जाने लगा। कई बार कोशिश करने के बाद भी अकाउंट नहीं खुला। इसके बाद अचानक उनके फेसबुक पेज से बिना जानकारी के फोटो और वीडियो अपलोड होने लगे। तभी उन्हें शक हुआ कि कहीं अकाउंट हैक तो नहीं हो गया है।
जांच करने पर पता चला कि पहले उनका अकाउंट जिस ई-मेल आईडी से चलता था, अब वह किसी दूसरी ई-मेल आईडी से ऑपरेट किया जा रहा है। यानी हैकर ने पूरी तरह से अकाउंट पर कब्जा कर लिया था।
बताया गया कि रिंकू सिंह का फेसबुक अकाउंट मोनिटाइज है, जिससे उन्हें नियमित तौर पर अच्छी खासी आमदनी होती है। आरोप है कि हैकर इसी कमाई को अपने खाते में ले रहा था और रिंकू को इसकी भनक तक नहीं लगने दी।
मामले की जानकारी मिलने के बाद रिंकू सिंह ने सीधे एसएसपी से संपर्क किया और पूरे मामले की शिकायत की। एसएसपी के आदेश पर साइबर क्राइम थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
इस मामले में साइबर क्राइम थाने के इंस्पेक्टर रामेंद्र शुक्ला ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हैकर ने अकाउंट कैसे हैक किया, पैसा कहां ट्रांसफर हुआ और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। वहीं, इस घटना के बाद रिंकू सिंह और उनके परिवार ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया अकाउंट की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और समय-समय पर पासवर्ड बदलते रहें।
Also Read :टीपीसी उग्रवादियों ने की हवाई फा’यरिंग, कोयला व्यवसायी को मिली धमकी

