Gopalganj : दुनिया का सबसे बड़ा शिवलिंग तमिलनाडु के महाबलीपुरम से बिहार के गोपालगंज पहुंच गया। शिवलिंग को विशेष भारी ट्रक के जरिए कुचायकोट प्रखंड के बल्थरी चेक पोस्ट के पास लाया गया। इसके बिहार पहुंचने में करीब 45 दिन का समय लगा। यह शिवलिंग 21 नवंबर को तमिलनाडु के महाबलीपुरम से रवाना हुआ था और आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार पहुंचा है। इसे पूर्वी चंपारण जिले के चकिया में बन रहे विराट रामायण मंदिर में स्थापित किया जाएगा।
शिवलिंग देखते ही उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
जैसे ही विशाल शिवलिंग गोपालगंज पहुंचा, उसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े। लोगों ने जगह-जगह पूजा-अर्चना की, तिलक लगाया और आरती उतारी। श्रद्धालुओं में इसे देखने और तस्वीरें लेने को लेकर काफी उत्साह देखा गया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।
96 पहियों वाले ट्रक से हो रहा है परिवहन
210 मीट्रिक टन वजनी इस शिवलिंग को 96 चक्कों वाले भारी ट्रक से लाया जा रहा है। रविवार को गोपालगंज में रुकने के बाद 5 जनवरी को यह काफिला पूर्वी चंपारण के लिए रवाना होगा। बल्थरी और चैनपट्टी में शिवलिंग का भव्य स्वागत किया जाएगा।
एक ही पत्थर से बना है विशाल शिवलिंग
शिवलिंग निर्माण कंपनी के संस्थापक विनायक वेंकटरमण के अनुसार, यह शिवलिंग एक ही ग्रेनाइट पत्थर से बनाया गया है। इसकी ऊंचाई 33 फीट है और इसे बनाने में करीब 3 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। तमिलनाडु के पट्टीकाडु गांव में पिछले 10 वर्षों से इसका निर्माण किया जा रहा था। मुख्य शिल्पकार लोकनाथ और उनकी टीम ने इसे तैयार किया है।
17 जनवरी को होगी स्थापना की प्रक्रिया
शिवलिंग को गोपालगंज से खजुरिया, हुसैनी होते हुए केसरिया ले जाया जाएगा। 17 जनवरी को मंदिर परिसर में इसकी पीठ पूजा की जाएगी। प्राण प्रतिष्ठा बाद में होगी। विराट रामायण मंदिर ट्रस्ट के अनुसार, जनवरी-फरवरी 2026 में शिवलिंग की विधिवत स्थापना की संभावना है।
विराट रामायण मंदिर बनेगा विश्व का सबसे बड़ा शिव मंदिर
विराट रामायण मंदिर का निर्माण महावीर मंदिर न्यास समिति द्वारा कराया जा रहा है। मंदिर का आकार 1080 फीट लंबा और 540 फीट चौड़ा होगा। इसमें कुल 18 शिखर और 22 मंदिर होंगे। मुख्य शिखर की ऊंचाई 270 फीट होगी। मंदिर निर्माण कार्य तेजी से जारी है। इसके पूरा होने पर यह विश्व का सबसे बड़ा शिव मंदिर होगा।
Also Read : झारखंड में बदलेगा मौसम, बढ़ेगी सर्दी और ठंडा कोहरा


