प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में गुरुवार को हुए एक कार्यक्रम के वीडियो वायरल होने के बाद डॉ. राजन सिंह का नाम अचानक चर्चा में आ गया है. इस आयोजन का नेतृत्व बिहार राज्य किन्नर कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष डॉ. राजन सिंह और किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर वैभवी महाराज ने किया. कार्यक्रम में किन्नर समुदाय के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कटआउट के सामने आरती की और ‘मोदी चालीसा’ का पाठ किया. कार्यक्रम में ‘जय-जय मोदी’ और ‘हर-हर मोदी’ जैसे नारे भी लगाए गए. आयोजन का एक और बड़ा ऐलान पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समर्पित भव्य मंदिर बनाने का था.
The Press Club of India has noticed that a photo/video of an event held at its premises earlier today, is circulating on social media.
It is hereby #clarified that the Club had not organised the event.
The hall was hired for the purpose of holding a press conference by an…
— Press Club of India (@PCITweets) August 20, 2026
हालांकि, इस कार्यक्रम को लेकर प्रेस क्लब ऑफ इंडिया ने खुद को इससे अलग कर लिया. क्लब ने स्पष्ट किया कि परिसर का हॉल एक संगठन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए किराये पर लिया था. निर्धारित शर्तों का उल्लंघन होने पर क्लब के अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर कार्यक्रम को रुकवा दिया था.
कौन हैं डॉ. राजन सिंह?
दिल्ली के रहने वाले डॉ. राजन सिंह बिहार राज्य किन्नर कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष हैं. वह किन्नर समुदाय से जुड़े मुद्दों को लेकर सार्वजनिक रूप से अपनी बात रखते रहे हैं. बोर्ड से जुड़े पद के कारण वह बिहार में किन्नर समुदाय के कल्याण, अधिकार और सामाजिक सम्मान से जुड़े विषयों में सक्रिय भूमिका निभाते हैं.
राजन सिंह का नाम पिछले कुछ समय में अपने अलग तरह के सार्वजनिक कार्यक्रमों और बयानों को लेकर भी चर्चा में रहा है. अब ‘मोदी चालीसा’ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंदिर निर्माण के ऐलान के बाद उनका नाम एक बार फिर सुर्खियों में है.
पटना में बनेगा पीएम मोदी का मंदिर?
कार्यक्रम के दौरान आयोजकों की ओर से दावा किया गया कि ‘मोदी चालीसा’ का लगातार तीन दिनों तक पाठ करने से चौथे दिन सभी कार्य पूरे हो जाते हैं. इस आयोजन के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति सम्मान और कृतज्ञता जताने की बात कही गई. साथ ही डॉ. राजन सिंह ने पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भव्य मंदिर बनाने की योजना का ऐलान किया. उनके दावे के मुताबिक, मंदिर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आदमकद और सोने की प्रतिमा लगाने की योजना है. इस पूरी परियोजना की अनुमानित लागत करीब 112 करोड़ रुपये बताई गई है. हालांकि, मंदिर के लिए जमीन, निर्माण की मंजूरी और फंडिंग को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
क्यों मानते हैं मोदी को भगवान जैसा?
डॉ. राजन सिंह का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किन्नर समुदाय को समाज में सम्मान और अधिकार दिलाने का काम किया है. इसी वजह से समुदाय के लोग उनके प्रति विशेष सम्मान रखते हैं. राजन सिंह के मुताबिक, प्रधानमंत्री के प्रति इसी सम्मान और आभार को व्यक्त करने के लिए ‘मोदी चालीसा’ का पाठ और आरती का आयोजन किया गया. उनकी ओर से यह भी कहा गया कि किन्नर समुदाय प्रधानमंत्री मोदी को भगवान की तरह मानता है.
Also Read : लाठीचार्ज के विरोध में हजारीबाग में आज मौन जुलूस, गांधी मैदान से निकलेगा मार्च


