Johar Live Desk : टी-20 वर्ल्ड कप के 18वें मुकाबले में आज यानी गुरुवार को मेजबान भारत के सामने नामीबिया की चुनौती है। मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला शाम 7 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा।टीम इंडिया ने अपने पहले मैच में अमेरिका को हराकर शानदार शुरुआत की थी। वहीं नामीबिया को नीदरलैंड के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी। ऐसे में दोनों टीमों के लिए यह मैच बेहद अहम है।
पॉइंट्स टेबल में टॉप की रेस
अगर भारत आज का मुकाबला जीत लेता है तो ग्रुप-ए में टॉप पर पहुंच सकता है। फिलहाल पाकिस्तान 4 अंकों के साथ पहले स्थान पर है। वहीं नामीबिया के लिए भी यह करो या मरो जैसा मैच है। जीत मिलती है तो टीम दूसरे नंबर पर पहुंच सकती है, लेकिन हार मिली तो सुपर-8 की राह मुश्किल हो जाएगी।
कप्तान सूर्या फॉर्म में, अभिषेक पर संशय
भारतीय टीम को मैच से पहले एक झटका लगा है। ओपनर अभिषेक शर्मा बीमार हैं और उनका खेलना मुश्किल माना जा रहा है। उनकी जगह संजू सैमसन को मौका मिल सकता है। संजू के साथ ईशान किशन ओपनिंग करते दिख सकते हैं। कप्तान सूर्यकुमार यादव शानदार फॉर्म में हैं। अमेरिका के खिलाफ उन्होंने 84 रन की धमाकेदार पारी खेली थी। गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज ने 3 विकेट लिए थे, जबकि अर्शदीप सिंह ने 2 विकेट झटके थे। जसप्रीत बुमराह चोट से उबरकर वापसी कर रहे हैं। ऐसे में प्लेइंग-11 में जगह को लेकर सिराज या अर्शदीप में से किसी एक को बाहर बैठना पड़ सकता है।
नामीबिया को पहली जीत की तलाश
नामीबिया को पहले मैच में नीदरलैंड से 7 विकेट से हार मिली थी। टीम 156 रन ही बना सकी थी और विपक्षी टीम ने 18 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया था।हालांकि नामीबिया को हल्के में नहीं लिया जा सकता। 2022 वर्ल्ड कप में टीम श्रीलंका को हरा चुकी है। जैन निकोल लोफ्टी-ईटन ने पिछले मैच में 42 रन बनाए थे और एक विकेट भी लिया था। स्पिनर बर्नार्ड शोल्ट्ज ने भी एक विकेट झटका था।
पिच रिपोर्ट : रन बरसने के आसार
दिल्ली की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार रहती है। पिछला मैच भी इसी मैदान पर खेला गया था, जहां लक्ष्य आसानी से चेज हो गया था। आज भी बल्लेबाजी के लिए अच्छी पिच मिलने की उम्मीद है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी चुन सकती है, ताकि बाद में लक्ष्य का पीछा किया जा सके।
मौसम रहेगा साफ
दिल्ली में आज बारिश की कोई संभावना नहीं है। तापमान 12 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। दिन में हल्की गर्मी रहेगी, लेकिन शाम को मौसम सुहावना हो जाएगा, जिससे खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों को राहत मिलेगी।
संभावित प्लेइंग-11
- भारत : सूर्यकुमार यादव (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह/मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह।
- नामीबिया : जेरार्ड इरास्मस (कप्तान), जैन ग्रीन (विकेटकीपर), लौरेन स्टीनकैंप, जैन फ्रायलिंक, जैन निकोल लोफ्टी-ईटन, डायलन लीचर, जेजे स्मिट, रूबन ट्रम्पलमैन, बर्नार्ड शोल्ट्ज, विलेम मायबर्ग, मैक्स हिंगो।
Also Read : हिरणपुर में साइकिल से हो रही कोयला चोरी, पुलिस की चुप्पी पर उठ रहे सवाल

