Pakur (Mitthu Yadav) : जिले के हिरणपुर प्रखंड में इन दिनों कोयला चोरी का खेल खुलेआम चल रहा है। हालात ऐसे हैं कि चोरों को न किसी का डर है और न ही किसी कार्रवाई का खौफ। साइकिल और बाइक के सहारे रोजाना कोयला ढोया जा रहा है और आसपास के इलाकों में बेचा भी जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई एक-दो दिन की बात नहीं, बल्कि रोज का सिलसिला बन चुका है।
साइकिल और बाइक से हो रही ढुलाई
ग्रामीणों के मुताबिक, कुछ लोग साइकिल पर बोरी लादकर कोयला ले जाते हैं। कई बार बाइक से भी कोयला ढोया जाता है। इतना ही नहीं, साइकिल पर कोयला लादकर उसे बाइक से ठेलते हुए ले जाने का तरीका भी अपनाया जा रहा है, ताकि ज्यादा मात्रा में कोयला एक साथ ले जाया जा सके। सुबह-सुबह और देर रात के समय यह काम ज्यादा होता है, जब सड़कें सुनसान रहती हैं।
खुलेआम चल रहा है अवैध कारोबार
सबसे हैरानी की बात यह है कि यह पूरा खेल खुलेआम चल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार इसकी सूचना प्रशासन को दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।लोगों का मानना है कि अगर समय रहते इस पर रोक नहीं लगी, तो कोयला चोरी का यह नेटवर्क और मजबूत हो जाएगा।
सरकार को हो रहा राजस्व का नुकसान
कोयला चोरी से न सिर्फ कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं, बल्कि सरकार को भी राजस्व का नुकसान हो रहा है। अवैध तरीके से निकाला और बेचा जा रहा कोयला सरकारी खजाने को सीधा नुकसान पहुंचा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर प्रशासन सख्ती दिखाए, तो इस धंधे पर लगाम लगाई जा सकती है।
पुलिस की निष्क्रियता पर लोगों में नाराजगी
स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी साफ झलक रही है। उनका कहना है कि जब सबकुछ खुलेआम हो रहा है, तो कार्रवाई क्यों नहीं हो रही? लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इलाके में नियमित गश्ती बढ़ाई जाए, संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जाए और कोयला चोरी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
Also Read : नए लेबर कोड के खिलाफ भारत बंद आज, धनबाद में भी दिखेगा असर

