Johar Live Desk : बॉलीवुड के पावर कपल राजकुमार राव और उनकी पत्नी पत्रलेखा ने आज यानी रविवार को अपनी बेटी की पहली झलक सोशल मीडिया पर शेयर की। इस अवसर पर कपल ने अपनी बेटी का नाम भी सार्वजनिक किया। राजकुमार और पत्रलेखा ने इंस्टाग्राम पर अपनी बेटी के साथ एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें बच्ची के छोटे हाथ माता-पिता के हाथों में नजर आ रहे हैं। हालांकि तस्वीर में बच्ची का चेहरा नहीं दिखाया गया। पोस्ट में कपल ने लिखा, “हाथ जोड़कर और पूरे दिल से, हम अपनी सबसे बड़ी ब्लेसिंग से मिलवाते हैं। पार्वती पॉल राव।”
View this post on Instagram
बेबी का नाम फैंस को बेहद पसंद आया। पार्वती नाम भगवान शिव की पत्नी से लिया गया है और इसका अर्थ है ताकत, कृपा और भक्ति, जबकि पॉल और राव पत्रलेखा और राजकुमार का सरनेम है।राजकुमार और पत्रलेखा ने 15 नवंबर 2025 को अपनी बेटी के जन्म की जानकारी साझा की थी। उन्होंने बताया था कि यह उनकी चौथी शादी की सालगिरह के अवसर पर उनके घर आई। दोनों ने कहा था, “भगवान के आशीर्वाद से हमारे घर बेटी का जन्म हुआ है। हमारी शादी की चौथी सालगिरह पर भगवान ने हमें दुनिया का सबसे बेशकीमती तोहफा दिया।”
कपल की लव स्टोरी की बात करें तो, राजकुमार और पत्रलेखा की मुलाकात 2014 में फिल्म सिटी लाइट्स के सेट पर हुई थी। अक्टूबर 2021 में राजकुमार ने पत्रलेखा को प्रपोज किया और एक महीने बाद 15 नवंबर को चंडीगढ़ में शादी कर ली थी।
Also Read : बिहार में मॉब लिंचिंग की घटनाओं पर मौलाना महमूद मदनी की चिंता, नीतीश कुमार को लिखा पत्र


