ईटखोरी में ज्वेलरी चोरी के मामले का पुलिस ने एक हफ्ते के भीतर खुलासा कर दिया है. इस मामले में ओडिशा के जाजपुर जिले से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. चतरा पुलिस ने उसके पास से चोरी के चांदी के जेवर, घटना में इस्तेमाल की गई दो बाइक और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं.
पुलिस के मुताबिक, 12 जुलाई की शाम ईटखोरी के रहने वाले दिलीप कुमार सोनी अपनी आशा ज्वेलर्स दुकान बंद कर जेवरों से भरा बैग बाइक की डिक्की में रखकर घर जा रहे थे. रास्ते में कलाली रोड पर एक मोबाइल दुकान में निजी काम से रुके. इसी दौरान बदमाशों ने बाइक की डिक्की खोलकर जेवरों से भरा बैग चुरा लिया और फरार हो गए.
घटना के बाद ईटखोरी थाना में मामला दर्ज किया गया. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसआईटी बनाई गई, जिसने तकनीकी जांच और छापेमारी के बाद ओडिशा के जाजपुर जिले के दशमनिया गांव से दीपक प्रधान (22) को गिरफ्तार कर लिया.
बरामद सामान
चांदी जैसी 5 जोड़ी पायल
चांदी जैसी 2 जोड़ी बिछिया
सैमसंग स्मार्टफोन
ओप्पो स्मार्टफोन
बिना नंबर प्लेट की टीवीएस अपाचे 160 मोटरसाइकिल
पल्सर मोटरसाइकिल (OD05BE-9764)
आरोपी के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने चोरी में शामिल होने की बात कबूल की है. पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ पहले से चोरी, छिनतई और लूट के कई मामले ओडिशा के अलग-अलग थानों में दर्ज हैं. गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
Also Read : पीठ पर बैग, ड्रेनेज पाइप का सहारा… बिल्डर के घर करोड़ों की चोरी

