Johar Live Desk : कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक लॉरी और एक प्राइवेट ट्रैवल बस की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई और बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
बस में सवार थे 30 से ज्यादा यात्री
मिली जानकारी के अनुसार प्राइवेट ट्रैवल बस बेंगलुरु से शिवमोग्गा होते हुए गोकर्ण जा रही थी। हादसा हिरियुर के गोरलट्टू क्रॉस के पास जवनगोंडानहल्ली इलाके में सुबह करीब 3 बजे हुआ। टक्कर के तुरंत बाद बस में आग की तेज लपटें उठने लगीं। कई यात्री बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन आग तेजी से फैल गई और कई लोग उसकी चपेट में आ गए। अधिकारियों के मुताबिक हादसे के समय बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे। इस दुर्घटना में लॉरी चालक समेत कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया।
अधिकारी का बयान
एडिशनल डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट कुमारस्वामी बी.टी. ने मीडिया को बताया कि लॉरी गलत दिशा से आ रही थी और उसी दौरान बस से टकरा गई। हादसे में लॉरी चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों में बुजुर्ग भी शामिल हैं, जिन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शवों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
राष्ट्रपति ने व्यक्त की संवेदना
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि चित्रदुर्ग में हुई बस आग की घटना से वह बेहद आहत हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
Deeply pained by the tragic bus fire incident in Chitradurga, Karnataka, which has led to the loss of lives. My heartfelt condolences to the bereaved families. I pray for speedy recovery of the injured.
— President of India (@rashtrapatibhvn) December 25, 2025
Also Read : क्रिसमस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं


