Pakur : पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के छोटी अलीगंज मोहल्ले में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। पूर्व पार्षद अजय रविदास के भाई सुकुमार रविदास के बंद घर में अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के समय पूरा परिवार पूजा देखने के लिए घर से बाहर गया हुआ था।
घर लौटने पर सुकुमार रविदास ने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। अंदर जाने पर कमरों का सारा सामान बिखरा पड़ा मिला। अलमारी और बक्सों के ताले टूटे हुए थे। चोरों ने घर में रखी नकदी और कई कीमती सामान चोरी कर लिए। पीड़ित के अनुसार चोर इत्मीनान से चोरी कर फरार हुए हैं। अलमारी में रखे कपड़े, कागजात और अन्य सामान फर्श पर फैले हुए थे। चोरी गए सामान का सही आकलन अभी किया जा रहा है, लेकिन नुकसान लाखों रुपये का बताया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही मोहल्ले के लोग मौके पर जमा हो गए। लोगों का कहना है कि सुनसान का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई और पुलिस गश्त पर सवाल उठाए गए। सूचना मिलने पर पाकुड़ नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घर का मुआयना किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है और जांच जारी है।
Also Read : झारखंड में सोना-चांदी महंगे, खरीदारी से पहले जान लें ताजा भाव

