Muzaffarpur : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मुसहरी थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह एक गंभीर घटना सामने आई। रोहुआ पेट्रोल पंप के पास बावन बीघा निवासी सतीश कुमार ठाकुर के घर पर बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने कई राउंड फायरिंग की। हादसे में घर के मालिक बाल-बाल बचे, लेकिन पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 7:30 बजे हुई। अपराधी बाइक पर सवार होकर आए और घर के सामने रुककर अंधाधुंध गोलियां चलाने लगे। इस दौरान कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन अपराधियों की बेखौफ हरकतें सीसीटीवी में कैद हो गई हैं। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि कैसे नकाबपोश अपराधी हथियार लहरा रहे थे और फायरिंग कर फरार हो गए।
जमीनी विवाद में फायरिंग
सतीश कुमार ठाकुर का कहना है कि यह वारदात जमीन के विवाद और रंगदारी की वजह से हुई है। उन्होंने पहले भी इसी मामले को लेकर मुसहरी थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। इसके अलावा उपमुख्यमंत्री और राजस्व मंत्री विजय सिन्हा से भी शिकायत की गई थी।
पुलिस जांच में जुटी
मुसहरी थानेदार सुबोध कुमार मेहता ने मीडिया को बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खोखे बरामद किए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से अपराधियों की पहचान करने में जुटी है। प्रारंभिक जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा पाया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।
Also Read : जिंदा जल गए 9 लोग, राष्ट्रपति ने जताया शोक

