जोहार लाइव ब्यूरो
दीपावली के दौरान जुआ खेलने और सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी की आशंका के बीच हजारीबाग पुलिस ने जिले में विशेष अभियान चलाया है. बीते 2 नवंबर की रात चलाए गए अभियान में पुलिस ने 108 ठिकानों पर छापेमारी की और 47 लोगों को थाने लाकर हिदायत देने के बाद पीआर बांड पर छोड़ दिया.
बता दें, दीपावली के समय जुआरियों की गतिविधियां बढ़ जाती है, जिसके कारण कई घर बर्बाद हो जाते हैं. अड्डेबाजी और मनचले व्यक्तियों के कारण आम लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ती है.
पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के आदेश पर चलाए गए इस अभियान में जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षकों और पुलिस निरीक्षकों के नेतृत्व में कार्रवाई की गई. इसके लिए कुल 45 टीमें गठित की गई थीं, जिनमें 191 पुलिस पदाधिकारी और पुलिसकर्मी शामिल थे.
108 ठिकानों पर छापेमारी, 47 लोगों को हिदायत
हजारीबाग पुलिस की टीमों ने जिले के विभिन्न इलाकों में अड्डेबाजी और मनचले व्यक्तियों के खिलाफ छापेमारी की. अभियान के दौरान 47 लोगों को थाने लाया गया. पुलिस ने उन्हें हिदायत देते हुए पीआर बांड पर छोड़ दिया.
दीपावली के दौरान जुआ खेलने और सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ जुटने जैसी गतिविधियों पर नजर रखने के लिहाज से पुलिस का यह अभियान अहम माना जा रहा है.
हजारीबाग पुलिस ने कहा कि अड्डेबाजी और मनचले व्यक्तियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि उनके इलाके में यदि मनचले व्यक्तियों की गतिविधियां दिखाई दें या किसी स्थान पर अड्डेबाजी होती हो, तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाने को दें. पुलिस प्राप्त सूचनाओं का सत्यापन कर त्वरित कार्रवाई करेगी.
Also Read : झारखंड : खूंटी में पांच लाख की अफीम के साथ एक गिरफ्तार, दो फरार


