Ranchi : शहर के मसीही समुदाय ने बुधवार की आधी रात बालक येसु के जन्मोत्सव को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया। जैसे ही रात के 12 बजे, शहर के सभी चर्चों में घंटों की गूंज सुनाई दी और माहौल आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया। विशेष पूजा आराधना के दौरान श्रद्धालुओं ने बालक येसु के जन्म का स्मरण किया। कड़ाके की ठंड के बावजूद चर्चों में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। संत मरिया महागिरजाघर, संत पॉल्स कैथेड्रल और जीईएल चर्च समेत शहर के सभी प्रमुख चर्चों में क्रिसमस के अवसर पर विशेष साज-सज्जा और आयोजन किए गए थे। कई श्रद्धालु जगह न मिलने के कारण चर्च के बाहर खड़े होकर प्रार्थना में शामिल हुए।
धर्मगुरुओं ने संदेश दिया कि क्रिसमस केवल उत्सव नहीं, बल्कि प्रेम, शांति, क्षमा और भाईचारे का संदेश देता है। आराधना के दौरान श्रद्धालुओं ने केक काटकर बालक येसु का स्वागत किया और उनके चरणों को चूमकर सम्मान व्यक्त किया। पूरे माहौल में प्रेम और अपनत्व की भावना स्पष्ट दिखाई दी। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक हर कोई खुशी और सुकून के साथ जश्न में शामिल हुआ। मिस्सा प्रार्थना के बाद चर्च परिसरों में आतिशबाजी और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिससे पूरा इलाका रोशनी और उत्साह से जगमगा उठा।
Also Read : बेखौफ अपराधियों ने घर पर की फा’यरिंग, इलाके में दहशत


