जोहार लाइव ब्यूरो
झारखंड स्टेट बार काउंसिल में बुधवार, 4 नवंबर 2026 को महत्वपूर्ण चुनाव होने जा रहा है. अध्यक्ष पद के साथ बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) के पद के लिए भी चुनाव की प्रक्रिया होना है. चुनाव की प्रक्रिया सुबह 11 बजे से डोरंडा स्थित झारखंड स्टेट बार काउंसिल कार्यालय में आयोजित किया जाएगा.
इसमें कुल 26 वोटर अपने-अपने लोगों को वोट कर सकेंगे. वोट की प्रक्रिया समाप्त होने के बाद बुधवार को ही रिजल्ट जारी कर दिया जायेगा. अब देखना है कि टीम निलेश कुमार की टीम विजयी होती है या फिर टीम अभय चतुर्वेदी की.
इस चुनाव को झारखंड के अधिवक्ता समुदाय के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. अध्यक्ष पद के चुनाव के साथ BCI के प्रतिनिधित्व के लिए होने वाली प्रक्रिया पर भी अधिवक्ताओं की नजर रहेगी.
अध्यक्ष पद के लिए सिर्फ निलेश कुमार और अभय कुमार चतुर्वेदी के बीच मुकाबला है. दोनों उम्मीदवार इस पद के लिए अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं. वहीं, बार काउंसिल ऑफ इंडिया के पद के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में हैं. इनमें मनोज कुमार -2, प्रशांत कुमार सिंह और संजय कुमार विद्रोही शामिल हैं.
बता दें, झारखंड स्टेट बार काउंसिल राज्य में अधिवक्ताओं की सर्वोच्च वैधानिक संस्था है. इसका गठन अधिवक्ता अधिनियम, 1961 के प्रावधानों के तहत किया गया है. बिहार पुनर्गठन अधिनियम, 2000 के बाद झारखंड के लिए अलग बार काउंसिल का प्रावधान किया गया और वर्ष 2005 में इसका गठन हुआ.
बार काउंसिल का प्रमुख कार्य राज्य में विधि स्नातकों का अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण करना तथा उन्हें वकालत करने का लाइसेंस प्रदान करना है. इसके अलावा यह अधिवक्ताओं के व्यावसायिक हितों की रक्षा, उनके अधिकारों के संरक्षण और पेशेवर आचरण को नियंत्रित करने की जिम्मेदारी निभाती है.
संस्था अधिवक्ताओं के खिलाफ पेशेवर कदाचार से जुड़ी शिकायतों पर कार्रवाई भी करती है. इसके साथ ही नए अधिवक्ताओं को प्रोत्साहन राशि, जरूरतमंद अधिवक्ताओं को चिकित्सा सहायता, पेंशन और दिवंगत अधिवक्ताओं के आश्रितों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए कल्याणकारी योजनाएं संचालित करती है.
झारखंड स्टेट बार काउंसिल में 25 निर्वाचित सदस्य होते हैं तथा राज्य के महाधिवक्ता इसके पदेन सदस्य होते हैं.
Also Read : कार पर लिखा था ‘भारत सरकार’, किशोर को जबरन बिठाने की कोशिश पर धनबाद थाना के सामने हंगामा


