रांची: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के ‘अराजकता रोको, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान के तहत मंगलवार को रांची में छात्र गर्जना मार्च निकाला गया. मोराबादी मैदान में आयोजित जनसभा में बड़ी संख्या में विद्यार्थी और अभाविप कार्यकर्ता शामिल हुए. इसके बाद मोराबादी से अल्बर्ट एक्का चौक तक मार्च निकाला गया, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ.
कार्यक्रम में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व संयुक्त सचिव वैभव मीणा, अभाविप की केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य दिशा दित्या, प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी और राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य बाबूलाल मेहता सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे.
लोकतंत्र में सत्ता परिवर्तन बैलेट से होता है: वैभव मीणा
जनसभा को संबोधित करते हुए वैभव मीणा ने कांग्रेस और वामपंथी दलों पर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को लेकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है, जहां सरकारें जनता के मतों से बनती और बदलती हैं, न कि भीड़ के दबाव या सड़क पर शक्ति प्रदर्शन से.
उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का समर्थन करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य मतदाता सूची को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाना है. यदि किसी राजनीतिक दल को इस प्रक्रिया में गड़बड़ी नजर आती है, तो उसे तथ्यों और प्रमाणों के साथ संवैधानिक मंचों पर अपनी बात रखनी चाहिए. राजनीतिक प्रदर्शनों के जरिए संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव बनाना उचित नहीं है.
बांग्लादेश और नेपाल के उदाहरण पर भी उठाए सवाल
वैभव मीणा ने बांग्लादेश और नेपाल के राजनीतिक घटनाक्रमों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत की राजनीतिक परिस्थितियां अलग हैं. यहां सत्ता परिवर्तन का फैसला केवल जनता अपने मताधिकार से करती है. उन्होंने निर्वाचन आयोग और सर्वोच्च न्यायालय जैसी संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखने की अपील की.
युवा शक्ति राष्ट्र निर्माण में निभाए भूमिका: प्रकाश टूटी
अभाविप के प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी ने कहा कि भारत की युवा शक्ति अपनी सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध से जुड़ी हुई है. उन्होंने कहा कि भारतीय युवाओं की ऊर्जा का इस्तेमाल राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता और देश की सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने में होना चाहिए.
उन्होंने कहा कि रांची में आयोजित छात्र गर्जना मार्च के जरिए विद्यार्थियों ने लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रहित के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की है.
SIR को लेकर भ्रम फैलाने का लगाया आरोप
अभाविप की केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य दिशा दित्या ने कांग्रेस पर SIR को लेकर भ्रम और नकारात्मकता फैलाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण एक लोकतांत्रिक प्रक्रिया है. इसका उद्देश्य योग्य मतदाताओं के नाम सूची में बनाए रखना और अयोग्य एवं फर्जी प्रविष्टियों को हटाना है.
अभाविप ने युवाओं से संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रहित की रक्षा के लिए सजग रहने की अपील की.


