जोहार लाइव ब्यूरो
हजारीबाग जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है. बरही थाना क्षेत्र के बिलौतिया मोड़ के पास पुलिस ने एक इनोवा कार से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है. इस मामले में जमशेदपुर के परसुडीह निवासी दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने शराब की खेप के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही ग्रे रंग की इनोवा कार भी जब्त कर ली है.
पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर को हजारीबाग एसपी अमन कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ग्रे रंग की इनोवा कार (JH05AT-6444) में अवैध अंग्रेजी शराब लोड कर बगोदर की ओर से बिहार ले जाई जा रही है. सूचना के आधार पर बरही पुलिस ने बिलौतिया मोड़ के पास वाहन जांच शुरू की.
इसी दौरान बगोदर की तरफ से आ रही संदिग्ध इनोवा कार को रुकने का इशारा किया गया. पुलिस को देखकर कार में सवार चालक और एक अन्य व्यक्ति भागने लगे, लेकिन पुलिस बल ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया. पूछताछ में उनकी पहचान संतोष तिवारी (42) और सुनील डे (56), दोनों निवासी कीताडीह, परसुडीह, पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के रूप में हुई.
कार से 768 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद
पुलिस ने तलाशी के दौरान इनोवा कार की पिछली सीट और डिक्की से दो ब्रांड की शराब बरामद की. इसमें 375 एमएल की 20 पेटियों में रखी 480 बोतल OLD HABBIT WHISKY और 180 एमएल की 6 पेटियों में रखी 288 बोतल Royal Darbar Gold Whisky शामिल हैं. इस तरह कुल 768 बोतल शराब जब्त की गई.
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी शराब से संबंधित कोई वैध कागजात नहीं दिखा सके. पूछताछ में उन्होंने बताया कि शराब बोकारो से लोड कर बिहार ले जाई जा रही थी. बिहार में शराबबंदी के कारण वहां इसकी बिक्री से अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से तस्करी की जा रही थी.
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही इनोवा कार और शराब को विधिवत जब्त कर प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की गई है. पुलिस कार मालिक और इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.
छापेमारी दल में एसडीपीओ बरही राधाप्रेम किशोर, बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक राजेश कुमार भोक्ता, पुलिस अवर निरीक्षक मदन मुंडा और बरही थाना के सशस्त्र बल शामिल थे.
Also Read : झारखंड: धान खरीद में अब नहीं चलेगी बिचौलियागिरी, खेत से लेकर केंद्र तक होगी निगरानी


