रांची/सिमडेगा। छठ महापर्व को लेकर सिमडेगा जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं का जायजा लेने के लिए गुरुवार को उपायुक्त कंचन सिंह और पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे ने शंख नदी और केलाघाघ छठ घाट का निरीक्षण किया. इस दौरान अधिकारियों ने घाटों की साफ-सफाई, रोशनी, सुरक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा की.
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी छठ घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने आपसी समन्वय के साथ समय पर सभी तैयारियां पूरी करने को कहा, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो.
गहरे पानी वाले क्षेत्रों में होगी बैरिकेडिंग
पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया. उन्होंने शंख नदी और केलाघाघ छठ घाट के गहरे एवं संवेदनशील जल क्षेत्रों में रस्सी और रिबन से बैरिकेडिंग कराने को कहा. साथ ही घाटों पर एनडीआरएफ की टीम और पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
उन्होंने जलाशयों में बोट के माध्यम से पानी की गहराई और संवेदनशील स्थानों की जानकारी लगातार अनाउंसमेंट के जरिए श्रद्धालुओं तक पहुंचाने को कहा. किसी भी अप्रिय घटना या दुर्घटना को रोकने के लिए सभी जरूरी सुरक्षा इंतजाम समय पर पूरे करने का निर्देश दिया गया.
घाटों के पास होगी पार्किंग की व्यवस्था
घाटों के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए निर्धारित दूरी पर पार्किंग की व्यवस्था करने को कहा गया है. निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी सुमंत तिर्की, छठ पूजा समिति के सदस्य और संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे.
Also Read : मरांग बुरु धोरोमगाढ़ पहुंची कल्पना सोरेन, कहा – यह केवल पहाड़ नहीं, आस्था, पहचान और अस्तित्व का आधार है


