न्यायमूर्ति शरद अरविंद बोबडे होंगे उच्चतम न्यायालय के अगले प्रधान न्यायाधीश

JoharLive Desk

नयी दिल्ली : राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति शरद अरविंद बोबडे को देश का अगला प्रधान न्यायाधीश नियुक्त किया है।

न्यायमूर्ति बोबडे प्रधान न्यायाधीश रंजन गोगोई के सेवा निवृत होने पर 18 नवंबर को शपथ लेंगे।

न्यायमूर्ति बोबडे 12 अप्रैल 2013 को उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश बने थे। इससे पहले वह मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश रहे। वह बॉम्बे उच्च न्यायालय में अतिरिक्त न्यायाधीश और स्थायी न्यायाधीश भी रहे हैं।

चौबीस अप्रैल 1956 को जन्मे न्यायमूर्ति बोबड़े वर्ष 1978 में अधिवक्ता बने थे। उन्होंने उच्च न्यायालय की नागपुर पीठ और नागपुर जिला न्यायालय में वकालत की और बॉम्बे हाई कोर्ट तथा उच्चतम न्यायालय में सिविल, संवैधानिक, श्रम, निर्वाचन तथा कराधान मामलों में अधिवक्ता के रूप में अपनी सेवा दी।

न्यायमूर्ति बोबडे संवैधानिक, प्रशासनिक, कंपनी, पर्यावरण तथा निर्वाचन से संबंधित कानूनी मामलों के विशेषज्ञ हैं।